IND vs NAM: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 18वां मुकाबला भारत और नामीबिया के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में नामीबिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. पारी की शुरुआत करने आए ईशान किशन शुरुआत से ही आक्रामक दिखे और देखते ही देखते उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में तूफानी फिफ्टी जड़ दी. अपनी इस तूफानी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के जड़े. इसी के साथ उन्होंने भारत की तरफ से टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया है.
ईशान किशन ने 20 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
भारत और नामीबिया के बीच जारी मैच में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन जबरदस्त फॉर्म में नजर आए. इस मैच में उन्होंने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों में 61 रन की तूफानी पारी खेली. जबकि सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 254.17 का रहा.
यह भी पढ़ें: IND vs NAM: अभिषेक की गैरमौजूदगी में मिले मौके को भुना नहीं पाए संजू सैमसन, 22 रन बनाकर हुए आउट
4 गेंद पर जड़े 4 छक्के
ईशान किशन की पारी का सबसे खास पल उस वक्त रहा, जब उन्होंने लगातार 4 गेंदों में 4 छक्के जड़े. पावरप्ले का आखिरी ओवर जेजे स्मिट डालने आए. ईशान ने ओवर की पहली गेंद डॉट खेली, इसके बाद उन्होंने लगातार 4 गेंदों में 4 छक्के जड़ डाले. स्मिट के इस ओवर में ईशान ने 4 छक्के और 1 चौका जड़ 28 रन बटोर लिए.
ऐसा करने वाले बने भारत के पहले विकेटकीपर
नामीबिया के खिलाफ 20 गेंदों में 50 रन जड़कर ईशान किशन ने टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया है. इसी के साथ टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अर्धशतक जड़ने वाले वह भारत के पहले विकेटकीपर बन गए हैं.
