IND vs NAM: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 18वां मुकाबला भारत और नामीबिया के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में टीम इंडिया ने 93 रन से जीत तो दर्ज की, लेकिन उनके प्रदर्शन ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत इतनी धमाकेदार थी कि लगा टीम का स्कोर 240 के पार पहुंच जाएगा. टीम ने 7 ओवर में ही 100 रन ठोक दिए. लेकिन इसके बाद विकेट गिरने के कारण मिडिल ओवर्स में रन गति थम गई और भारतीय टीम 209 रनों तक ही पहुंच पाई.
नामीबिया के खिलाफ मिडिल ओवर्स में नहीं आए रन
नामीबिया के खिलाफ खेले गए मैच में भारतीय ओपेनर्स ने पावरप्ले में खूब रन बटोरे और 7 ओवर में 100 रन कूट डाले. हर ओवर में बाउंड्री की बरसात हो रही थी. लेकिन जैसे ही मिडिल ओवर्स शुरू हुए, मैच की दिशा बदल गई. स्पिनर्स के आते ही भारतीय बल्लेबाजों की रफ्तार थम गई. 7 ओवर में 100 रन बनाने वाली टीम 13 ओवर में सिर्फ 109 रन ही बना सकी. यह गिरावट मिडिल ऑर्डर में भारत की प्लानिंग पर सवाल उठा रही है.
अभिषेक की गैरमौजूदगी में ईशान ने तेजी से रन बटोरे लेकिन, सूर्या, तिलक के जल्दी आउट हो जाने के कारण अचानक रनों की रफ्तार थम गई. हालांकि, हार्दिक ने शिवम दुबे के साथ मिलकर रन गति बढ़ाई और स्कोर को 200 तक ले जाने में अहम भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें: IND vs PAK: पाक के खिलाफ अभिषेक शर्मा के खेलने पर सस्पेंस, बोले- मेरा वजन कम हो गया….
डेथ ओवर्स में लगातार गिरे विकेट
फिर भी, डेथ ओवर्स में भारतीय टीम वह तेजी नहीं दिखा सकी जिसकी उम्मीद थी. 19वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर हार्दिक पंड्या ने अपना अर्धशतक पूरा किया. इसकी अगली ही गेंद में वह बड़ा शॉर्ट मारने के प्रयास में अपना कैच थमा बैठे. इसके बाद लगातार विकेट गिरते गए और भारत निर्धारित 20 ओवर में 209 रन ही बना सका. आखिरी 4 ओवर में भारत ने 5 विकेट खोकर सिर्फ 25 रन बनाए.
भारत को अब अपना अगला ग्रुप मैच 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेलना है. कोलंबो की पिच स्पिन फ़्रेंडली है, ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बेहतर प्लानिंग की जरूरत होगी.
