IND vs NZ 2nd ODI: वेलिंगटन में खेले गए दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 रनों से हराकर वनडे सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. बारिश के कारण इस मैच का फैसला DLS नियम के तहत हुआ. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम महज 134 रनों पर सिमट गई थी. वहीं बारिश के बाद खेले रोके जाने के वक्त टीम इंडिया ने 113 रन बना लिए थे. हालांकि, 7 विकेट भी भारत गंवा चुका था.
5 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड टीम के बल्लेबाजों को खूब छकाया. गेंदबाजों के लिए मददगार इस पिच पर आकिब नबी ने मेजबानों को 2 झटके दिए. वहीं अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल ने भी 2-2 विकेट झटके. लेकिन, कीवी टीम को सबसे ज्यादा नुकसान तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने पहुंचाया. गुरनूर ने 4 विकेट झटके और मैन ऑफ द मैच भी रहे. न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे ज्यादा रन डेरेल मिचेल (55) ने बनाए.
अय्यर ने बनाए 30 रन
हालांकि, 135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत भी बेहद खराब रही. कप्तान शुभमन गिल बिना कोई रन बनाए पहले ओवर में भी पवेलियन लौट गए. इसके बाद विराट कोहली भी 7 रन बनाकर आउट हो गए. अक्षर के तीसरे विकेट के तौर पर आउट होने के बाद रोहित (23) और श्रेयस (30) ने पारी को संभाला. लेकिन इसके बाद नमनधीर (12) और अंशुल कंबोज (01) के आउट होने से टीम मुश्किल में आ गई थी. टीम को सारी उम्मीदें केएल राहुल से थी, जो 26 रन बनाकर नाबाद थे. हालांकि, बारिश के कारण आगे का खेल नहीं हो सका.
हैमिल्टन में खेला जाएगा तीसरा ODI
खेल रोके जाने पर भारतीय टीम 4 रनों से आगे थी, इस तरह DLS नियम के तहत इस मैच का फैसला भारत के पक्ष में हुआ. सीरीज का तीसरा मुकाबला हैमिल्टन में होगा. अभी तक दोनों मुकाबलों में बारिश ने खलल डाला है, लिहाजा फैंस को उम्मीद है कि तीसरे मैच में उन्हें एक हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिले.
