Devdutt Padikkal: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से होने वाली दो मैचों के टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों के बीच प्लेइंग 11 में जगह बनाने की होड़ तेज हो गई है. इसी बीच कोलंबो में खेले जा रहे तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच में भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतक जड़ दिया है. अपने इस दमदार प्रदर्शन से पडिक्कल ने गॉल टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर दी है.
देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा शतक
भारत और श्रीलंका क्रिकेट XI के बीच इन दिनों कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड में तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच खेला जा रहा है. मुकाबले के दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल का जलवा देखने को मिला. भारत की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल ने इस मुकाबले में 121 गेंदों में 14 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया. उनके शतक के बदौलत टीम इंडिया ने दूसरे दिन स्टम्प तक अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं.
💯 for Devdutt Padikkal! 🙌🙌
— BCCI (@BCCI) August 8, 2026
A superb knock from the left-handed batter in the warm-up game against SLC XI! 👏 👏
Updates ▶️ https://t.co/g7rdlUUjY2 #TeamIndia pic.twitter.com/eb0p6gnyEQ
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त को टीम इंडिया खेलेगी 600वां टेस्ट मैच, शुभमन गिल की कप्तानी में रचा जाएगा इतिहास
पहले टेस्ट के लिए ठोकी दावेदारी
वॉर्मअप मैच के दूसरे दिन देवदत्त पडिक्कल 164 गेंदों में 142 रन बनाकर नाबाद रहे. उनकी इस शतकीय पारी में 18 चौके शामिल रहे. इस शानदार प्रदर्शन के साथ पडिक्कल ने पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग 11 में तीसरे नंबर की पोजीशन के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है. बता दें, साई सुदर्शन इंजरी के चलते श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं, ऐसे में गॉल टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल का नंबर-3 पर खेलना लगभग तय माना जा रहा है.
यशस्वी-पंत और जुरेल रहे फेल
श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ जारी प्रैक्टिस मैच में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बुरे तरीके से फ्लॉप साबित हुए. इस मैच में जायसवाल बिना खाता खोले ही आउट हो गए. वहीं, ऋषभ पंत 2 और ध्रुव जुरेल 1 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए. पडिक्कल के अलावा स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भारत के लिए अर्धशतक पारी खेली. वह 117 गेंदों में 63 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस पारी में 7 चौके शामिल रहे.
