IND vs ZIM: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या ने विस्फोटक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया है. जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने शानदार फिफ्टी जड़ते हुए मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया.
हार्दिक पंड्या ने जड़ी तूफानी फिफ्टी
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने एक बार फिर फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई है. पंड्या ने इस मैच में महज 23 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन की आक्रामक पारी खेली. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 217.39 का रहा. आखिरी ओवरों में उन्होंने रनों की ऐसी आंधी चलाई कि भारत का स्कोर सीधे 256/4 तक पहुंच गया.
यह भी पढ़ें: IND vs ZIM: आखिरकार चला अभिषेक शर्मा का बल्ला, वर्ल्ड कप में पहली फिफ्टी ठोककर की फॉर्म में वापसी
अभिषेक-तिलक का भी गरजा बल्ला
भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तेज शुरुआत की. पावरप्ले में ओपनर्स ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, जिसका पूरा फायदा मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने उठाया. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. इसके बाद मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने आए तिलक वर्मा ने भी तेजी से रन बटोरे और 16 गेंदों में 44 रन की अहम पारी खेल टीम को बड़े लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
डेथ ओवरों में रनों की बरसात
आखिरी पांच ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई और चौकों-छक्कों की बरसात कर गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. डेथ ओवरों में पंड्या ने बड़े शॉर्ट्स लगाकर रनगति को बढ़ाया और भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया. इस तरह भारतीय टीम ने अपने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बना दिया है.
