IND vs ZIM: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की. वडोदरा में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा टिक नहीं पाई और 49.5 ओवर में 197 रनों पर ही ढेर हो गई. जवाब में भारतीय टीम ने प्रतिका रावल और शेफाली वर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर 27.1 ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया. टीम इंडिया के लिए प्रतीका रावल ने इस मैच में 100 रन की नाबाद पारी खेली.
भारतीय गेंदबाजों का कहर
टॉस जीतकर जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और उनका यह फैसला गलत साबित हुआ. बेलव्ड बिजा ने मेहमान टीम के लिए सबसे ज्यादा 62 रन बनाए. जबकि उनके अन्य बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर सके. भारत के लिए श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट झटके. वहीं, क्रांति गौड़ ने 10 ओवर में 42 रन देकर 3 विकेट झटके. भारतीय गेंदबाजों के कहर के सामने जिम्बाब्वे की पूरी टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और उससे पहले ही 197 रनों पर ढेर हो गई.
यह भी पढ़ें: भारतीय खिलाड़ी पर ICC का चला हंटर, कैच टपकाने के बाद गुस्से में पटकी थी बॉल
प्रतीका रावल ने जड़ा शतक
जिम्बाब्वे द्वारा 198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद शानदार रही. सलामी बल्लेबाज प्रतीका रावल ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पावरप्ले में तेजी से रन बटोरे. कप्तान स्मृति मंधाना 34 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हो गई, लेकिन प्रतीका ने एक छोर से मोर्चा संभाला रखा और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. प्रतीका ने इस मुकाबले में 96 गेंदों में नाबाद 100 रनों की तूफानी पारी खेली. उनकी इस पारी में 15 चौके शामिल रहे. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. बता दें, वनडे क्रिकेट में वह प्रतीका का तीसरा शतक रहा.
For her superb unbeaten knock, Pratika Rawal bags the Player of the Match award 👌👌 Relive▶️https://t.co/Pp9zTo29xm #TeamIndia | #INDvZIM | @mflone_ | @RawalPratika https://t.co/yVYvqhtR96
— BCCI Women (@BCCIWomen) October 23, 2026
कुछ ऐसा रहा मैच का हाल
मैच की बात करें तो, पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम ने 49.5 ओवर में 197 रनों पर ही सिमट गई. जवाब में भारतीय टीम ने प्रतीका रावल के शतक के बदौलत 27.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया.
