Vistaar NEWS

जूनियर महिला एशिया कप में भारतीय हॉकी टीम का जलवा, पाकिस्तान को 19-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

IND vs PAK Hockey

भारत बनाम पाकिस्तान हॉकी

India Thrash Pakistan 19-0: चीन के मोकी में जारी वुमेंस हॉकी जूनियर एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है. गुरुवार 10 सितंबर को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 19-0 से हरा दिया है. इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. भारत की ओर से पूजा मलिक ने सबसे ज्यादा 3 गोल दागे. वहीं, चंद्रकांत सानिका माने, मधु सिदार, सुप्रिया और ऐंद रोशनी ने 2-2 गोल किए.

भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया

भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले भारतीय टीम का दबदबा साफ देखने को मिला. टीम इंडिया की ओर से 13 खिलाड़ियों ने गोल किए. मुकाबले के सातवें मिनट में भारत के लिए पूजा साहू ने पाकिस्तान के खिलाफ पहला गोल किया. इसके बाद भारतीय खिलाड़ी लगातार गोल दागते रहे और पाकिस्तानी खिलाड़ी कुछ नहीं कर सके. शुरुआती दो क्वार्टर में भारत ने कुल 10 गोल किए. हाफटाइम तक भारत 10-0 से आगे था. इसके बाद तीसरे क्वार्टर में भारत ने 3 गोल किए. आखिरी क्वार्टर में भारत ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 6 गोल दागे.

यह भी पढ़ें: भगवा जर्सी विवाद पर झुकी हॉकी इंडिया! एशियन गेम्स में पुरानी जर्सी में ही नजर आएगी भारतीय टीम

एलीट ग्रुप में टॉप पर भारत

बता दें, इस मुकाबले में भारत ने सात गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किए, जबकि दो गोल पेनल्टी स्ट्रोक से आए. बाकी के 11 गोल भारत के फील्ड गोल रहे. बता दें, जूनियर एशिया कप 2026 मेंन भारतीय वुमेंस हॉकी टीम एलीट पूल में थी. भारत ने पूल ग्रुप के मुकाबलों में साउथ कोरिया को 4-1, मलेशिया को 11-1, जापान को 7-0 से हराया, जबकि चीन के खिलाफ खेला गया मुकाबला ड्रॉ रहा. लगतार जीत दर्ज करने के बाद भारत एलीट ग्रुप में टॉप पर है.

सेमीफाइनल में किससे होगा मुकाबला?

सेमीफाइनल मुकाबले में भारत का सामना मलेशिया और कोरिया के बीच होने वाले चौथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले की विनर टीम से होगा. बता दें, वुमेंस हॉकी जूनियर एशिया कप में भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन है. भारतीय महिला हॉकी टीम जूनियर एशिया कप का खिताब लगातार तीसरी बार जीतने की मजबूत दावेदार मानी जा रही है. इससे पहले भारतीय टीम ने 2023 और 2024 में यह खिताब जीता था.

Exit mobile version