Bangladeshi Players Return IPL Auction: इंडियन प्रीमियर लीग के 20वें सीजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. 16 दिसंबर को होने वाले मिनी ऑक्शन से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई ने आगामी सीजन में बांग्लादेशी खिलाड़ियों के हिस्सा लेने का रास्ता साफ कर दिया है. आगामी सीजन के लिए 7 बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने ऑक्शन के लिए अपना नाम दे दिया है.
BCCI ने शुरू किए रजिस्ट्रेशन
दरअसल 16 दिसंबर को आईपीएल 2027 के लिए मिनी ऑक्शन होना है, जिसके लिए बीसीसीआई ने अलग-अलग क्रिकेट बोर्डस से कान्टैक्ट किया है. जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भी शामिल है. बीसीसीआई ने ऑक्शन के लिए खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं, जिसमें सबसे खास नाम बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान का है.
मुस्तफिजुर रहमान को लेकर मचा था बवाल
पिछले सीजन से पहले तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर काफी बवाल मचा था. आईपीएल 2026 के लिए केकेआर ने उन्हें खरीदा था, लेकिन उस वक्त बांग्लादेश में चल रहे विरोध प्रदर्शन में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों की खबर आई थीं. इस मुद्दे को देखते हुए बीसीसीआई के कहने पर फ्रेंचाइजी ने उन्हें सीजन शुरू होने से पहले ही रिलीज कर दिया था. इसके बाद दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंध भी बिगड़ गए थे, जो धीरे-धीरे अब सुधरते नजर आ रहे हैं.
इन 7 बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने ऑक्शन में दिया नाम
रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश के 7 खिलाड़ियों ने आईपीएल 2027 मिनी ऑक्शन के लिए नाम दिया है. इनमें मुस्तफिजुर रहमान के अलावा नाहिद राणा, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, तौहीद ह्रदोय, तस्कीन अहमद और शोरफुल इस्लाम का नाम शामिल है. हालांकि, फिलहाल आईपीएल की ओर से ऑक्शन में हिस्सा ली वाले खिलाड़ियों की नाम की आधिकारिक लिस्ट सामने नहीं आई है.
टी20 वर्ल्ड कप में भी छिड़ा था विवाद
आईपीएल 2026 के सीजन से पहले मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई के इस फैसले का विरोध किया था. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत ने की थी. जिसके चलते बांग्लादेश ने टूर्नामेंट को न्यूट्रल वेन्यू में कराने की मांग की थी, लेकिन इस मांग को आईसीसी ने खारिज कर दिया था और बाद में बांग्लादेश ने टूर्नामेंट को बायकॉट करते हुए वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया था.
