MI Special Connection With Rohit Sharma: इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस आज 27 नवंबर को अपने नए कप्तान का ऐलान करने वाली है. एमआई ने बीते दिन गुरुवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी. पांच बार की आईपीएल चैंपियन का जैसे ही ये पोस्ट सामने आया फैंस को हिंट मिल गया कि रोहित शर्मा एक बार फिर आईपीएल में मुंबई की कमान संभालने जा रहे हैं.
इससे पहले फ्रेंचाइजी ने एक्स पर एक फोटो भी शेयर की थी, जिसे देखकर फैंस ने कयास लगाने शुरू कर दिए थे कि आईपीएल 2027 में रोहित शर्मा ही कप्तानी करते नजर आएंगे.
5.45 बजे होगा MI के नए कप्तान का ऐलान
दरअसल, 26 नवंबर की शाम को ठीक 5 बजकर 456 मिनट पर मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें बताया कि अब से 24 घंटे बाद बड़ा ऐलान होगा. ये ऐलान कप्तानी को लेकर होगा. यानी मुंबई इंडियंस अपने नए कप्तान का ऐलान शुक्रवार शाम 5 बजकर 45 मिनट पर करेगी. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 5:45 ही क्यों? तो इसका रोहित शर्मा से खास कनेक्शन है.
24 hours to go ⏳ https://t.co/dXs6WQswnr
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 26, 2026
5.45 से है रोहित का खास कनेक्शन
भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा की जर्सी का नंबर 45 है और उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 5 आईपीएल खिताब जीते हैं. बस 5.45 की टाइमिंग का फैंस यही कनेक्शन निकाल रहे हैं और अटकलें लगा रहे हैं कि हिटमैन ही मुंबई के नए कप्तान होंगे. एमआई ने अपने पूर्व कप्तान हार्दिक पांड्या को ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में भेज दिया है, उनके बदले अर्शदीप सिंह को अपनी टीम में शामिल किया है. दिलचस्प बात यह है कि मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 के सीजन से पहले रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को नया कप्तान नियुक्त किया था. लेकिन, पांड्या की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा.
रोहित की कप्तानी में MI ने जीती 5 ट्रॉफी
रोहित शर्मा की कैप्टेंसी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. हिटमैन ने 2013 से 2023 तक एमआई की कप्तानी करते हुए फ्रेंचाइजी को पांच आईपीएल खिताब जिताए. रोहित ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में मुंबई इंडियंस को आईपीएल में चैंपियन बनाया. रोहित आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक माने जाते हैं.
