BCCI Hotel Entry Ban: आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच BCCI ने सभी टीमों के लिए सुरक्षा से जुड़ी एडवाइजरी जारी की है. खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सेफ्टी को मजबूत करने के लिए अब होटलों में आने-जाने वाले मेहमानों और बाहरी लोगों के लिए नियम पहले से कहीं ज्यादा सख्त कर दिए गए हैं.
हर विजिटर का रिकॉर्ड रखना अब अनिवार्य
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सभी टीमों को साफ कर दिया है कि IPL की ऑपरेशंस टीम समय-समय पर खुद जांच करेगी कि सुरक्षा नियमों को माना जा रहा है या नहीं. इसके साथ ही अब टीम मैनेजरों की यह जिम्मेदारी होगी कि वे होटल आने-जाने वाले हर मेहमान का पूरा हिसाब-किताब और रिकॉर्ड रखें.
होटल रूम में बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक
बोर्ड ने चेताया है कि कुछ खिलाड़ी और स्टाफ बिना जानकारी दिए बाहरी लोगों को अपने होटल के कमरों में बुला रहे थे, जिसकी खबर टीम मैनेजर तक को नहीं होती थी. सुरक्षा में इस बड़ी चूक को देखते हुए बीसीसीआई ने ऐसी किसी भी मुलाकात पर अब पूरी तरह से रोक लगा दी है.
मैनेजर की मंजूरी बिना होटल रूम में एंट्री नहीं
नए नियमों के अनुसार, अब कोई भी व्यक्ति टीम मैनेजर को पहले बताए और उनकी लिखित अनुमति लिए बिना होटल के कमरे में नहीं जा सकेगा. बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि मेहमानों से मुलाकात केवल होटल की लॉबी या रिसेप्शन जैसी सार्वजनिक जगहों पर ही होगी. अगर किसी गेस्ट को कमरे तक ले जाना है, तो इसके लिए मैनेजर की लिखित मंजूरी लेना अब अनिवार्य है.
हनीट्रैप और सुरक्षा खतरों को लेकर अलर्ट
BCCI ने टीमों को हनीट्रैप और सुरक्षा से जुड़े बड़े खतरों की चेतावनी दी है. बोर्ड का कहना है कि IPL जैसे हाई-प्रोफाइल माहौल में खिलाड़ियों को निशाना बनाने या फंसाने की कोशिशें हो सकती हैं, जिससे यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर कानूनी मामले भी खड़े हो सकते हैं. इसीलिए, सभी टीमों को लगातार सावधान रहने की सलाह दी गई है ताकि किसी भी तरह के विवाद या सुरक्षा संकट को समय रहते रोका जा सके.
