IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले से पहले बयानबाजी का दौर तेज हो गया है. इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले भारतीय पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के गेंदबाजी एक्शन पर खुलकर बात की है. इसके बाद उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इरफान पठान ने क्या कहा?
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 12वां मुकाबला पाकिस्तान और अमेरिका के बीच खेला गया. इस मैच में कमेंट्री के दौरान भारतीय पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के गेंदबाजी एक्शन और उनके हालिया प्रदर्शन पर चर्चा की है. कमेंट्री के दौरान भारतीय पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने कहा कि गेंद फेंकते वक्त शाहीन का चेहरा बल्लेबाज की ओर नहीं रहता है.
इसपर इरफान ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उनका फ्रंट फुट ज्यादा खुल जाता है, जिससे शरीर का संतुलन बिगड़ जाता है. इरफान ने सुझाव देते हुए कहा कि गेंद छोड़ते वक्त शाहीन को अपना नॉन-बॉलिंग कंधा बल्लेबाज की ओर रखना चाहिए.
इरफान पठान के मुताबिक, गेंद छोड़ते वक्त गेंदबाज का सिर बल्लेबाज की ओर होना बेहद जरूरी होता है, जिससे लाइन और लेंथ में बेहतर कंट्रोल रहता है और सटीक गेंदबाजी होती है.
USA के खिलाफ साबित हुए महंगे
मंगलवार को पाकिस्तान और अमेरिका के बीच खेले गए मैच में पाकिस्तान ने 32 रन से जीत दर्ज की, लेकिन इस दौरान उनके स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी बेहद महंगे साबित हुए. उन्होंने 4 ओवर में 42 रन लुटाए और सिर्फ 1 विकेट लिया.
अफरीदी लंबे समय से पाकिस्तान की तेज गेंदबाजी की अगुवाई कर रहे हैं और बड़े मैचों में उनकी विकेट टेकिंग क्षमता को देखते हुए टीम मैनेजमेंट उनपर भरोसा जता रहा है, लेकिन उनका हालिया प्रदर्शन टीम की चिंता बढ़ा सकता है.
