Vistaar NEWS

100 से ज्यादा IPL मैच खेलने वाले इशांत शर्मा समेत ये भारतीय खिलाड़ी भी अनकैप्ड, क्या है BCCI का नियम

ISHANT SHARMA

इशांत शर्मा

IPL Uncapped Players List: आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले भारतीय खिलाड़ियों की कैटेगरी को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इस बार अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा समेत 7 भारतीय खिलाड़ी अनकैप्ड कैटेगरी में शामिल हुए हैं, जिसमें इशांत शर्मा के अलावा नीतीश राणा और मंदीप सिंह का नाम भी शामिल है. हैरानी की बात यह है कि ये सभी क्रिकेट 100 से ज्यादा आईपीएल मैच खेल चुके हैं. नीतीश राणा के नाम तो आईपीएल में 3000 से ज्यादा रन दर्ज हैं. ऐसे में हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आखिर इतने अनुभवी खिलाड़ियों को अनकैप्ड कैटेगरी में कैसे जगह मिली और बीसीसीआई का नियम क्या?

क्या है अनकैप्ड खिलाड़ी को लेकर BCCI का नियम?

उन खिलाड़ियों को अनकैप्ड कहा जाता है, जिन्होंने कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला हो. हालांकि, 2024 में बीसीसीआई का एक नया नियम आया, जिसके अनुसार, यदि कोई भारतीय खिलाड़ी पिछले 5 सालों से कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है या बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल नहीं रहा है, तो उसे भी आईपीएल के लिए अनकैप्ड खिलाड़ी माना जाता है. इसी नियम के चलते अब इशांत शर्मा समेत कुछ खिलाड़ी ऑक्शन की अनकैप्ड कैटेगरी में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं.

इशांत शर्मा समेत ये भारतीय खिलाड़ी भी बने अनकैप्ड

इशांत शर्मा ने नवंबर 2021 में भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेला था. इंटरनेशनल क्रिकेट में खेले उन्हें 5 साल हो चुके हैं. ऐसे में वह कैप्ड से अनकैप्ड खिलाड़ियों की कैटेगरी में आ गए हैं. उनके अलावा टीम इंडिया के लिए खेल चुके 6 और खिलाड़ी आईपीएल 2027 ऑक्शन में अनकैप्ड प्लेयर्स की कैटेगरी में शामिल हैं. इसमें संदीप वॉरियर, नवदीप सैनी, चेतन साकरिया और नीतीश राणा ने जुलाई 2021 में श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था. ऐसे में अब ये खिलाड़ी भी अनकैप्ड बन चुके हैं. वहीं, मयंक मारकंडे ने फरवरी 2019 और मंदीप सिंह ने 2016 में भारत के लिए आखिरी मैच खेला था, जिससे वह भी अनकैप्ड प्लेयर बन चुके हैं.

नीतीश राणा के नाम दर्ज 3000 से ज्यादा रन

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2027 के लिए नीतीश राणा को रिलीज कर दिया है. उन्होंने आईपीएल में अब तक कुल 127 मैच खेले हैं, जिसकी 121 पारियों में उन्होंने 3078 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 22 अर्धशतक निकले हैं. नीतीश आईपीएल में केकेआर की कप्तानी भी कर चुके हैं. वहीं, इशांत शर्मा की बात करें, तो उन्होंने आईपीएल में अब तक कुल 117 मैच खेले हैं, जिसकी 117 पारियों में उन्होंने 96 विकेट चटकाए हैं.

Exit mobile version