Jasprit Bumrah: न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट की दूसरी पारी में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने दो बड़े विकेट लेकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई. उन्होंने पहले कप्तान टॉम लैथम और फिर हेनरी निकोल्स को आउट कर दो बड़े विकेट लिए. इसी के साथ उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है. बुमराह को ये विकेट लेने के लिए 2 टेस्ट पारियों और 292 गेंदों का लंबा इंतजार करना पड़ा. दूसरे टेस्ट मैच के दौरान बुमराह ने न्यूजीलैंड की पहली पारी के दौरान 26 ओवर गेंदबाजी की, लेकिन इस दौरान उनके हाथ एक भी सफलता नहीं लगी. हालांकि दूसरी पारी के शुरुआत में ही उन्होंने शानदार वापसी की और 2 विकेट हासिल किए.
टॉम लैथम-हेनरी निकोल्स को किया आउट
वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी के दौरान जसप्रीत बुमराह सिर्फ एक ही विकेट लेने में सफल रहे. दूसरी पारी के दौरान बुमराह सहित टीम इंडिया के सभी गेंदबाज विकेट लेने के लिए संघर्ष कर रहे थे. इसके बाद क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में न्यूजीलैंड की पहली पारी में बुमराह के हाथ कोई सफलता नहीं लगी. हालांकि दूसरी पारी में उन्होंने अपने चौथे ओवर में टॉम लैथम को आउट कर विकेट का सूखा खत्म किया. इस विकेट के साथ उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया. लैथम को आउट करने के बाद बुमराह ने निकोल्स को भी पवेलियन भेजा.
The longest wicket drought of Jasprit Bumrah’s Test career is over. https://t.co/pPpDEE1gOd
— Cricbuzz (@cricbuzz) November 29, 2026
विकेट के लिए किया लंबा इंतजार
टेस्ट क्रिकेट में किसी विकेट के लिए यह बुमराह का सबसे लंबा इंतजार बन गया. उन्होंने बिना कोई विकेट लिए 292 गेंद फेंकी. इससे पहले उनका सबसे लंबा इंतजार 285 गेंदों का था. हालांकि उस दौरान जसप्रीत बुमराह ने 4 टेस्ट मैच खेल लिए थे. इसी तरह उन्हें कई बार टेस्ट विकेट लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा है.
तीसरी बार टॉम लैथम को बनाया शिकार
खास बात यह है कि मौजूदा सीरीज में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने तीसरी बार न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को अपना शिकार बनाया है. वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में बुमराह ने ही लैथम को आउट किया था. हालांकि इसके बाद उन्हें विकेट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा और आखिरकार उनका ये इंतजार लैथम के विकेट के साथ ही खत्म हुआ.
