Kapil Dev Slams Pakistan: टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के भारत से क्रिकेट ना खेलने वाले ड्रामे पर भारत क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने जमकर लताड़ा है. कपिल देव ने कहा कि अगर पाकिस्तान ऐसा करता है तो भारत नहीं वो खुद का बहुत ज्यादा नुकसान कर लेगा. टी-20 विश्वकप में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को होना था, लेकिन इसके पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के साथ क्रिकेट खेलने से मना कर दिया है. जिसके बाद 1983 विश्वकप जीतने वाली टीम के कप्तान कपिल देव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
‘पाकिस्तान के हालात अच्छे नहीं, एक पूरी पीढ़ी खत्म कर रहे’
भारत के साथ होने वाले मैच का बायकॉट वाली ड्रामेबाजी पर कपिल देव ने पाकिस्तान को तगड़ा लपेटा है. कपिल देव ने कहा, ‘अगर भारत के साथ मैच ना खेलने का फैसला पाकिस्तान के खिलाड़ियों का है, तो वे सामने आकर बोल सकते हैं. लेकिन अगर ये फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लिया है, तो इससे पाकिस्तान की शाख गिर सकती है. इस तरह पीछे हटने और मैच का बहिष्कार करने से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अलग-थलग पड़ जाएगा. पाकिस्तान के हालात वैसे भी अच्छे नहीं है. इस तरह वे अपनी एक पीढ़ी को खत्म कर देंगे. भारत से ज्यादा नुकसान खुद पाकिस्तान को होगा.’
भारत-पाकिस्तान का मैच ना होने पर ICC को होगा नुकसान
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वर्ल्डकप में भारत के साथ मैच ना खेलने का ऐलान किया है. भारत और पाकिस्तान के बीच बड़े टूर्नामेंट में होने वाला मुकाबला हाईवोल्टेज मैच होता है. ऐसे में आईसीसी को अच्छी कमाई होती है, लेकिन अगर ये मैच नहीं होता है तो आईसीसी को फाइनेंशियली काफी नुकसान हो सकता है. हालांकि संभावना जताई जा रही है कि अगर पाकिस्तान ये मैच नहीं खेलता है तो आईसीसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर बड़ा एक्शन ले सकता है, जिससे पाकिस्तान को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा. आईसीसी ने पहले ही पीसीबी को चेतावनी देते हुए गंभीरता से सोचने के लिए कहा है.
ये भी पढे़ं: PSL पर प्रतिबंध, आर्थिक जुर्माना…! बायकॉट की भारी कीमत चुकाएगा पाकिस्तान, ICC ने PCB को दी वार्निंग
