Karun Nair: टीम इंडिया से बाहर चल रहे स्टार बल्लेबाज करूण नायर ने एक बार फिर अपने बल्ले का दम दिखाया है. रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में कर्नाटक की ओर से खेलते हुए आंध्र के खिलाफ उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली. विजयवाड़ा में खेले गए इस मुकाबले में कर्नाटक की दूसरी पारी में नायर संकतमोचक साबित हुए. इस दौरान उन्होंने 155 रनों की नाबाद पारी खेल मुकाबले को ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई.
करूण नायर ने खेली 155 रनों की नाबाद पारी
कर्नाटक की दूसरी पारी के दौरान करूण नायर ने 242 गेंदों में 155 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. रणजी ट्रॉफी में नायर का यह 20वां शतक रहा. पहली पारी में महज 8 रन बनाकर आउट हुए करूण नायर ने दूसरी पारी में न सिर्फ शानदार वापसी की बल्कि अपनी टीम की लड़खड़ाती पारी को भी संभाला. दूसरी पारी में जब नायर बल्लेबाजी करने उतरे तो कर्नाटक की टीम ने 43 रन के स्कोर पर 3 विकेट खो दिए थे. इसके बाद करूण नायर ने मानवंत कुमार के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 186 गेंदों में 94 रनों की अहम साझेदारी की.
Karun Nair finished unbeaten on 155, paving the way for a draw against Andhra #RanjiTrophy https://t.co/M9eGBetoeT
— Cricbuzz (@cricbuzz) October 14, 2026
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया से बाहर 38 साल के इस गेंदबाज ने रणजी में काटा गदर, डेब्यू पर खोला पंजा
टीम इंडिया से बाहर चल रहे करूण नायर
34 साल के करूण नायर इन दिनों टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. साल 2025 में लगभग 8 साल के लंबे इंतजार के बाद उनकी टीम इंडिया में वापसी हुई थी. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए उन्हें भारतीय स्क्वाड में शामिल किया गया था. लेकिन इस सीरीज में वह खुद को साबित नहीं कर पाए थे. सीरीज के 4 मैचों में वह 25.62 की औसत से कुल 205 रन ही बना सके थे. इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला था. इंग्लैंड दौरे के बाद उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया. हालांकि नायर घरेलू क्रिकेट के शानदार प्रदर्शन कर वापसी के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं.
कुछ ऐसा रहा मैच का हाल
विजयवाड़ा में खेले गए आंध्र प्रदेश बनाम कर्नाटक मुकाबले की बात करें, तो कर्नाटक की टीम ने पहली पारी में 247 रन बनाए, जबकि आंध्र की टीम ने 418 रन बनाकर बढ़त हासिल की. इसके बाद कर्नाटक ने दूसरी पारी में 9 विकेट खोकर 337 रनों के स्कोर पर पारी घोषित की. अब आंध्र को जीत के लिए 194 रनों का लक्ष्य मिला. लक्ष्य का पीछा करते हुए आंध्र ने दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 104 रन बना लिए थे. नतीजा यह रहा की मैच ड्रॉ हो गया.
