लखनऊ की जीत के बाद भावुक हुए संजीव गोयनका, मुकुल चौधरी को लगाया गले, वीडियो वायरल
संजीव गोयनका
Mukul Choudhary: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी दूसरी जीत दर्ज कर ली है, ईडेन गार्डेन्स में खेले गए मुकाबले में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हरा दिया है. लखनऊ की इस जीत के हीरो 21 वर्षीय मुकुल चौधरी रहे, जिन्होंने 54 रन की विस्फोटक पारी खेल आखिरी गेंद पर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई. इस रोमांचक जीत के बाद एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका का एक इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मुकुल को गले लगाते नजर आ रहे हैं.
जीत के बाद भावुक हुए संजीव गोयनका
दरअसल लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका अक्सर मैच के दौरान अपनी टीम को सपोर्ट करने पहुंचते है. मैच के बाद उन्हें अक्सर अपने टीम के खिलाड़ियों से बात करते हुए देखा गया है. कोलकाता के खिलाफ मैच के बाद भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. केकेआर के खिलाफ रोमांचक जीत के बाद गोयनका काफी खुश नजर आए और मुकुल चौधरी से बातचीत करते दिखे. इस दौरान उन्होंने मुकुल को शाबाशी दी और उन्हें गले लगा लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि जीत के बाद मुकुल ने गोयनका के पैर छूने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मुकुल को रोककर गले लगा लिया.
LSG Owner Sanjiv Goenka with Mukul Choudhary after a nail-biting win. pic.twitter.com/bgTOhfQYmz
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) April 9, 2026
कोलकाता के गेंदबाजों पर कहर बनाकर बरसे मुकुल
राजस्थान के 21 वर्षीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज मुकुल चौधरी इन दिनों सुर्खियों में छाए हुए हैं. गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ विस्फोटक पारी खेली और गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. इस रोमांचक मुकाबले में मुकुल लखनऊ के लिए संकट मोचन बनकर उभरे.उन्होंने 27 गेंदों में 7 छक्के और 2 चौकों की मदद से 54 रन की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को 3 विकेट से जीत दिलाई.