Vistaar NEWS

अब सफेद जर्सी से विदा ले रहा हूं… तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास

mohammed shami test retirement

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी

Mohammed Shami Test Retirement: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. उन्होंने 6 नवंबर 2026 को अपने टेस्ट डेब्यू की 13वीं वर्षगांठ पर सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो और संदेश साझा करते हुए लिखा, “सफेद जर्सी से विदा ले रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादों से कभी नहीं.” मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे थे उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट क्रिकेट तीन साल पहले, 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था.

शमी को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से टीम इंडिया में खेलने का मौका नहीं मिला है. वहीं घरेलू क्रिकेट में लगातार वो शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. अपने सन्यास के साथ उन्होंने ये भी स्पष्ट किया है कि वह घरेलू क्रिकेट जैसे सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसे टूर्नामेंट में व्हाइट बॉल क्रिकेट खेलते रहेंगे.

सभी शुक्रिया करते हुए लिया सन्यास

शमी ने अच्छे और बुरे दोनों वक्त में साथ देने के लिए अपने सभी साथियों, कोचों, परिवार और करोड़ों देशवासियों का दिल से शुक्रिया अदा करते हुए अपने पोस्ट में लिखा कि वह भारी मन से और बहुत सारी खूबसूरत यादों के साथ टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि सफेद जर्सी छोड़ना मुश्किल है, लेकिन इससे जुड़ी यादें हमेशा दिल में रहेंगी. जब उन्होंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तो वह देश के लिए कुछ करने का एक सपना था. इसके बाद के हर विकेट, संघर्ष, चोट और वापसी ने उन्हें जीवन में कुछ न कुछ सिखाया है.

BCCI और CAB का जताया आभार

शमी ने बीसीसीआई (BCCI) और बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) का भी आभार जताया, जिन्होंने उनके हुनर पर भरोसा किया और उनके क्रिकेट सफर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई. अंत में उन्होंने कहा कि मैदान पर भले ही उनकी आखिरी टेस्ट गेंद फेंकी जा चुकी हो, लेकिन देश के लिए खेलने का गर्व उनके दिल में हमेशा जिंदा रहेगा.

कैसा रहा शमी का टेस्ट सफर

गौरतलब है कि शमी ने टेस्ट क्रिकेट में साल 2013 में डेब्यू किया था. उन्होंने भारत के लिए 64 टेस्ट मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 27.71 की बॉलिंग औसत के साथ 229 विकेट अपने नाम किए. टेस्ट क्रिकेट में शमी के नाम 6 बार पांच विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड दर्ज है.

Exit mobile version