भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की जल्द ही राजनीति में एंट्री हो सकती है. खबरों की माने तो वे भारतीय जनना पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं. ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि बीती रात मोहम्मद शमी ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की हैं. इस मीटिंग के बाद से ही ये कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी उन्हें अल्पसंख्यक मोर्चे की बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है.
मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
बता दें कि बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने मोहम्मद शमी की नितिन नबीन से दिल्ली में मुलाकात कराई. नितिन नबीन के दफ्तर में हुई इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. बता दें कि मोहम्मद शमी ने इसी महीने 6 नवंबर को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था और अब राजनीति में किस्मत आजमाते हुए नजर आ सकते हैं.
क्या यूपी विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं शमी?
खबरें ये भी सामने आ रही है कि मोहम्मद शमी यूपी में अमरोहा सीट में विधानसभा चुनाव भी लड़ सकते हैं. दूसरी तरफ इसी महीने भारतीय गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने भी भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की हैं. युजवेंद्र चहल को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय ओबीसी (OBC) मोर्चा की कार्यकारी समिति में ‘विशेष आमंत्रित सदस्य’ (Special Invitee) बनाया गया है.
चहल ने 21 नवंबर 2026 को आधिकारिक रूप से BJP की सदस्यता ली और उसी दिन उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
6 नवंबर को लिया था टेस्ट से संन्यास
इसी महीने 6 नवंबर को शमी ने भारतीय टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कर दिया था. इस समय उन्होंने अपने एक्स पर बहुत ही भावुक पोस्ट करते हुए लिखा था “जब मैंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब मेरा बस एक ही सपना था, अपने देश के लिए कुछ कर दिखाना. तब से लेकर अब तक, हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया है.”
मोहम्मद शमी का क्रिकेट करियर
मोहम्मद शमी का करियर रिकॉर्ड बेहद शानदार और प्रभावशाली रहा है, खासकर वनडे वर्ल्ड कप और विदेशी टेस्ट दौरों पर वे भारत के सबसे सफल मैच-विनर गेंदबाजों में से एक रहे हैं. शमी टीम इंडिया के लिए 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 में मैदान पर उतरे हैं. टेस्ट क्रिकेट में शमी ने 229 विकेट झटके हैं, जबकि वनडे में उनके नाम 206 विकेट लिए हैं. वहीं, टी20 में शमी ने 27 विकेट लिए.
