Mohammed Shami: भारतीय टीम से नजरअंदाज होने के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी घरेलू क्रिकेट में अपनी धारदार गेंदबाजी से लगातार खुद को साबित कर रहे हैं. अपनी गेंदबाजी से शमी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनमें विकेट लीने की क्षमता अब भी बरकरार है. रणजी ट्रॉफी 2026-27 के मौजूदा सीजन में बंगाल की ओर से खेलते हुए शुरुआती मैच में ही शमी ने दिल्ली के खिलाफ पहली पारी में ही 4 विकेट झटके. हालांकि, लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम इंडिया में वापसी का मौका नहीं मिल रहा है. जिसपर अब उनका दर्द छलका है.
दिल्ली के खिलाफ झटके 4 विकेट
दरअसल टीम इंडिया से ड्रॉप होने के बाद भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी घरेलू क्रिकेट में लगातार सक्रिय हैं और शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. रणजी ट्रॉफी 2026-27 के सीजन में उन्होंने बंगाल की ओर से खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ मैच के पहले दिन 17.3 ओवर में गेंदबाजी की और 4 विकेट झटके. इस दौरान शमी ने 9 मेडन ओवर भी डाले.
यह भी पढ़ें: रणजी ट्रॉफी में गरजा रवींद्र जडेजा का बल्ला, सौराष्ट्र के लिए जड़ा तूफानी शतक
टीम इंडिया से बाहर होने पर छलका दर्द
बंगाल और दिल्ली के बीच जारी इस मुकाबले में पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद जब मीडिया ने शमी से उनकी फिटनेस के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने अपने अंदाज में जवाब दिया. इस दौरान शमी ने कहा,’आप मेरी फिटनेस देख सकते हैं. आप मुझे देख रहे हैं. मेरे कहने से क्या होगा? मैं मैदान पर हूं और मुझे जहां भी मौका मिल रहा है मैं वहां खेल रहा हूं.’ लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद भारतीय टीम में वापसी का मौका न मिलने के सवाल पर शमी ने कहा, ‘नहीं, नहीं मैं अच्छा गेदबाज नहीं हूं.’ शमी के इस जवाब से टीम इंडिया में वापसी का मौका नहीं मिलने पर उनका दर्द साफ झलकता दिखा.
भुवी की वापसी पर क्या कहा?
इस दौरान शमी ने भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टी20 टीम में वापसी को लेकर खुशी जताई. शमी का कहना है कि भुवी को काफी पहले ही टीम इंडिया में वापस बुलाया लेना चाहिए था. उन्होंने कहा भुवनेश्वर ज्यादा लोगों से बातचीत नहीं करते है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं की उनकी प्रतिभा को लंबे समय तक नजरअंदाज किया जाए. उन्होंने आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और वह इसके हकदार भी हैं.
