MI Parts Ways With Malinga: इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस पिछले कुछ सीजनों से अपने खराब प्रदर्शन को लेकर चर्चा में बनी हुई है. बीते कुछ सीजनों से टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही थी जिसके चलते बदलाव की अटकलें तेज हो गई थी. अब इसी कड़ी में फ्रेंचाइजी ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं. आईपीएल 2027 के सीजन से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने फास्ट बॉलिंग कोच लसिथ मलिंगा से नाता तोड़ लिया है.
मुंबई इंडियंस ने पूरे कोचिंग स्टाफ की छुट्टी
पिछले कुछ आईपीएल सीजनों में लगातार खराब प्रदर्शन के बाद पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपने पूरे सपोर्ट स्टाफ को बदलने का फैसला किया है. फ्रेंचाइजी ने टीम के फास्ट बॉलिंग कोच लसिथ मलिंगा के साथ एडिशनल बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे और फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन की भी कोचिंग स्टाफ से छुट्टी कर दी है.
Mumbai Indians have parted ways with coaches Lasith Malinga, Paras Mhambrey and Carl Hopkinson ahead of IPL 2027. https://t.co/dLHOX7jzLN
— Cricbuzz (@cricbuzz) October 29, 2026
कीरोन पोलार्ड को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
हाल ही में मुंबई इंडियंस ने पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर महेला जेवर्धने को हेड कोच पद से हटाकर वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज कीरोन पोलार्ड को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया था. नए हेड के आने के बाद मुंबई अपनी पूरी कोर टीम में बदलाव कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई की टीम आईपीएल 2027 में एक नई सोच और रणनीति के साथ मैदान पर उतरना चाहती है और इसी वजह से फ्रेंचाइजी बड़े बदलाव कर रही है.
लंबे समय से MI का हिस्सा थे लसिथ मलिंगा
श्रीलंका के पूर्व दाएं हाथ के तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा का मुंबई इंडियंस से काफी पुराना नाता रहा है. उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के साथ एक लंबा और ऐतिहासिक सफर तय किया है. मलिंगा एमआई के साथ बतौर खिलाड़ी, मेंटर और गेंदबाजी कोच के रूप में करीब 12 सालों से जुड़े रहे हैं. गेंदबाज के रूप में उन्होंने मुंबई इंडियंस को चार आईपीएल खिताब (2013, 2015, 2017 और 2019) जिताए हैं. साल 2018 में वह टीम के साथ गेंदबाजी कोच के रूप में जुड़े. अब फ्रेंचाइजी ने उनसे आगे बढ़ने का फैसला लिया है.
