Pakistani Team: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई पाकिस्तान की मेंस हॉकी टीम को उस वक्त शर्मसार होना पड़ा, जब होटल का भुगतान समय से न होने के कारण खिलाड़ियों को सड़क पर बैठकर इंतजार करना पड़ा. यह घटना उस दौरान हुई जब टीम अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंची थी.
सड़क पर करना पड़ा इंतजार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान मेंस हॉकी टीम के ठहरने की व्यवस्था एक होटल में की गई थी, लेकिन पाकिस्तान हॉकी महासंघ की ओर से समय पर होटल का भुगतान नहीं किया गया. जिसके कारण बुकिंग रद्द हो गई और खिलाड़ियों को घंटों सड़क पर भटकना पड़ा.
यह भी पढ़ें: AUS vs ZIM: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा उलटफेर, जिम्बॉब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से दी मात
नहीं चुकाया होटल का बिल
सूत्रों के मुताबिक टीम और अधिकारियों के लिए चार सितारा होटल में कमरे बुक होने की बात कही गई थी. उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ और पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड ने भुगतान कर दिया है. लेकिन ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही पता चला कि न तो होटल में कोई बुकिंग थी और न ही कोई पैसे जमा किए गए थे.
एक ही कमरे में रुके 2-3 खिलाड़ी
टीम के मुख्य कोच ताहिरजमां ने पाकिस्तान के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन टाइम ज़ोन अलग होने के कारण संपर्क नहीं हो सका. लाहौर से लंबी यात्रा करके आए खिलाड़ियों के पास न तो आराम करने की कोई जगह थी, और न ही खाने-पीने की कोई व्यवस्था थी. कई घंटों मशक्कत करने के बाद होटल मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों को कुछ कमरे दिए. कमरों की कमी के कारण दो-तीन खिलाड़ियों को एक ही कमरे में रुकना पड़ा.
अगले ही दिन टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेलना पड़ा. जिसमें उन्हें 2-3 से हार का सामना करना पड़ा. इससे पहले अर्जेन्टीना में प्री लीग के पहले चरण के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता नहीं मिला था, इसके कारण उन्हें विदेश में पैसों की कमी झेलनी पड़ी थी.
