Vistaar NEWS

BWF World Championship में पीवी सिंधु का धमाका, 34 मिनट में जीत दर्ज कर प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

PV Sindhu

पीवी सिंधु

PV Sindhu: भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए वूमेंस सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है. नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सिंधु ने कनाडा की झांग वेन यू को सीधे गेमों में 21-16, 21-17 से हरा दिया है. बता दें, सिंधु ने यह मुकाबला सिर्फ 34 मिनट में अपने नाम कर लिया है.

पहले गेम में पीवी सिंधु का दबदबा

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने कनाडा की झांग वेन यू के खिलाफ इस मुकाबले में शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए. मैच के दौरान उन्होंने लगातार चार अंक हासिल कर शुरुआती बढ़त हासिल कर ली. हालांकि, झांग वेन यू ने जल्द ही वापसी की और स्कोर को सिंधु के करीब बनाए रखा.

कनाडाई खिलाड़ी लगातार दबाव बनाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन भारतीय शटलर ने अहम मौकों पर धैर्य दिखाया और इंटरवल तक 11-9 की बढ़त बना ली. ब्रेक के बाद झांग ने चुनौती बनाई रखी, लेकिन आखिरी दौर में सिंधु ने बढ़त बढ़ा ली और 16 मिनट में पहला मुकाबला 21-16 से अपने नाम कर लिया.

यह भी पढ़ें: BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में पीवी सिंधु के माथे पर दिखा अनोखा गैजेट, जानें क्या है Temple और कैसे करता है काम

दूसरे गेम में की जोरदार वापसी

दूसरे गेम में झांग वेन यू ने सिंधु को कड़ी टक्कर दी और उन्हें आसानी से बढ़त बनाने का मौका नहीं दिया. दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और एक समय स्कोर 9-9 की बराबरी पर आ गया था. इसके बाद झांग ने लगातार अंक हासिल किए और ब्रेक तक 11-9 की बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद सिंधु ने जबरदस्त वापसी की और लगातार पांच पॉइंट्स जीतकर मैच का रुख बदल दिया. सिंधु ने दूसरा गेम 21-17 से जीतकर सिर्फ 34 मिनट में मुकाबला खत्म कर दिया.

प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

इस जीत के साथ पीवी सिंधु ने टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है, जहां अंतिम 16 के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी. प्री-क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना चीन की वांग जी यी से होगा जहां उनके सामने क्वाटर फाइनल में जगह बनाने की बड़ी चुनौती होगी.

Exit mobile version