Rinku Singh Priya Saroj Wedding: टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. कपल 4 दिसंबर को लखनऊ स्थित होटल रमाडा में 7 फेरे लेंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी के पहले की सारी रस्में प्रिया सरोज के गांव करखियांव में उनके पैतृक आवास पर संपन्न होंगी. दोनों की ग्रैंड वेडिंग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत राजनीति, क्रिकेट और बॉलीवुड जगह की तमाम दिग्गज हस्तियों को इनविटेशन दिया गया है. इस हाई-प्रोफाइल शादी में देश भर से करीब 2000 मेहमान शामिल होंगे.
रिंकू-प्रिया की ग्रैंड वेडिंग का शेड्यूल
क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी का पूरा कार्यक्रम सामने आ गया है. दोनों 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के होटल रमाडा में शादी के बंधन में बंधेंगे. दोनों की शादी की रस्मों की शुरुआत 2 दिसंबर से होगी. दोनों अपने-अपने पैतृक घरों पर परिवार के साथ हल्दी और संगीत की रस्में पूरी करेंगे. इसके बाद 3 दिसंबर को दोनों परिवार लखनऊ पहुंच जाएंगे जहां मेहंदी और अन्य पारंपरिक रस्में आयोजित की जाएंगी. 4 दिसंबर को मुख्य शादी समारोह होगा, जहां रिंकू अलीगढ़ से लखनऊ बारात लेकर जाएंगे.
रिंकू सिंह ने PM मोदी को किया इन्वाइट
रिंकू सिंह और उनके परिवार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खास इनविटेशन दिया गया है. रिंकू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पीएम मोदी के साथ एक फोटो शेयर की और उनसे उनसे मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेना अपने लिए सम्मान की बात बताई. वहीं, प्रिया सरोज ने प्रियंका गांधी के जरिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तक अपना न्योता पहुंचाया.
इसके अलावा क्रिकेट जगत से रोहित शर्मा, विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार, सुरेश रैना, कुलदीप यादव, तिलक वर्मा, और पीयूष चावला को न्योता दिया गया है. वहीं, बॉलीवुड से केकेआर के सह-मालिक शाहरुख खान को भी इन्वाइट किया गया है.
पिछले साल की थी सगाई
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने पिछले साल 8 जून 2025 को एक प्राइवेट समारोह में एक दूसरे से सगाई की थी, जिसमें दोनों परिवार के साथ करीबी दोस्त शामिल हुए थे. दोनों की रिंग सेरेमनी की फोटोज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी, जिन्हें यूजर्स ने खूब पसंद किया था. सगाई के बाद से ही दोनों की शादी को लेकर चर्चा होती रही है. अब दोनों 4 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं.
