Riyan Parag: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के आगाज से पहले राजस्थान रॉयल्स ने बड़ा फैसला लेते हुए स्टार ऑलराउंडर रियान पराग को अपना नया कप्तान नियुक्त कर दिया है. फ्रेंचाइजी ने लंबे समय से टीम का अहम हिस्सा रहे इस युवा खिलाड़ी पर भरोसा जताते हुए आगामी सीजन के लिए टीम की कमान उनके हाथों में सौंप दी है.
कौन है Riyan Parag?
24 वर्षीय रियान पराग का जन्म 10 नवंबर 2001 को असम के गुवाहाटी में हुआ और उन्होंने बेहद ही कम उम्र में अपनी प्रतिभा से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. वह 2018 में भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे. आईपीएल में उन्होंने 2019 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से डेब्यू किया और तब से वह अब तक इसी टीम के साथ बने हुए हैं.
पिछले कुछ सीजन में पराग का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है, आईपीएल 2024 में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए बल्ले से अहम योगदान देते हुए अपनी टीम को मिडिल ऑर्डर में मजबूती दी है. रियान एक आक्रामक बल्लेबाज हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर लेग स्पिन गेंदबाजी भी कर लेते हैं.
यह भी पढ़ें: IND vs PAK T20 वर्ल्ड कप: 15 फरवरी को कोलंबो में भिड़त, जानें कब और कहां देखें LIVE
पहले भी कर चुके हैं कप्तानी
रियान पराग पहले भी राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर चुके हैं. आईपीएल 2025 में संजू सैमसन की गैरमौजूदगी में उन्होंने 8 मुकाबलों में टीम की कमान संभाली थी. इन सभी मैचों में राजस्थान ने जीत दर्ज की थी. अब मैनेजमेंट ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें टीम का नियमित कप्तान बना दिया है.
कैसा रहा IPL करियर?
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज के आईपीएल करियर की बात करें, तो 2019 में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ डेब्यू किया था. आईपीएल में वह अबतक खेले 84 मैचों में 1566 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले हैं और उनका हाईएस्ट स्कोर 95 रन रहा है.
