Vistaar NEWS

फॉर्म में लौटे संजू सैमसन, दूसरे T20 में विंडीज गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां, ठोक डाले 82 रन

Sanju Samson

संजू सैमसन

Sanju Samson: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. लंबे समय से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे सैमसन आखिरकार फॉर्म में लौट आए हैं. रांची में खेले गए इस मैच में संजू ने 41 गेंदों में 82 रनों की तूफानी पारी खेली और अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की.

संजू सैमसन ने खेली तूफानी पारी

टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. जब उनका बल्ला चलता है, तो विपक्षी टीम के गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है. वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भी ऐसा ही कुछ नजारा देखने को मिला. भारत के लिए अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे संजू सैमसन ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की और कैरेबियाई गेंदबाजों के खिलाफ बेहतरीन शॉट खेले. सैमसन ने इस मैच में 200 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 41 गेंदों में 82 रनों की तूफानी पारी खेली. उनकी इस पारी में 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे.

यह भी पढ़ें: ‘एक कचौड़ी, दो समोसा…’,दूसरे T20 से पहले फैन ने ईशान किशन को भेजा खास मैसेज, VIDEO वायरल

खराब फॉर्म से जूझ रहे थे सैमसन

संजू सैमसन बीते कुछ दिनों से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे. वह रन बनाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे थे. वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मैच में वह महज 11 रन बनाकर आउट हो गए थे. जिसके चलते उन्हें कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. लखनऊ में खेले गए इस मुकाबले से पहले 4 टी20 पारियों में उनके बल्ले से महज 29 रन ही निकले थे.

अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई 50 रनों की अर्धशतकीय पारी के बाद उनका बल्ला लगातार खामोश रहा है. लेकिन अब वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची में खेले गए दूसरे टी20 मैच में उन्होंने 82 रनों की तूफानी पारी खेलकर आलोचकों को करारा जवाब दिया है.

विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी

वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची टी20 मैच में संजू सैमसन ने 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसी के साथ वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया के लिए संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की बराबरी कर ली है. बता दें, कोहली ने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 21 गेंदों पर फिफ्टी जड़ने का कारनामा किया था.

Exit mobile version