Sarfaraz Khan: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक क्रिप्टिक इंस्टाग्राम स्टोरी है. भारतीय टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है, जहां 15 अगस्त से दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. इसी बीच टीम इंडिया से बाहर चल रहे सरफराज खान की इंस्टाग्राम स्टोरी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
सरफराज खान का छलका दर्द
दरअसल टीम इंडिया से बाहर चल रहे सरफराज खान ने शुक्रवार 7 अगस्त को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एक तस्वीर शेयर की, जिस पर उन्होंने लिखा,’शायद मैं फिट नहीं बैठता, लेकिन मैं अपनी पूरी ताकत से लड़ूंगा. हालांकि उन्होंने अपने इस पोस्ट में किसी घटना या चयन का जिक्र नहीं किया है. ऐसे में यह साफ नहीं हुआ है कि उन्होंने यह मैसेज किस संदर्भ में पोस्ट किया. हालांकि फैंस सरफराज के इस पोस्ट को टीम इंडिया में जगह न मिलने के दर्द से जोड़ कर देख रहे हैं.
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा की डांट को अभी तक नहीं भूले यशस्वी जायवसाल, पुरानी यादों को ताजा करते शेयर किया पोस्ट
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर
सरफराज खान को आखिरी बार टीम इंडिया की जर्सी में नवंबर 2024 में देखा गया था. इस दौरान वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत की ओर से खेलते नजर आए थे. मुंबई में खेले गए इस मैच के बाद वह टीम इंडिया से लगातार बाहर चल रहे हैं. आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद टीम इंडिया में उनकी वापसी अब तक नहीं हो पाई है.
दलीप ट्रॉफी में मिला मौका
भारतीय टीम में मौका नहीं मिलने के बीच सरफराज खान को दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन की टीम में शामिल किया गया है. टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी गई है, जबकि शम्स मुलानी को उपकप्तान नियुक्त किया गया है. सरफराज के पास इस घरेलू टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर नेशनल टीम में वापसी के लिए अपनी दावेदारी पेश करने का मौका होगा.
