Vistaar NEWS

3 चौके, 9 छक्के…एशियन गेम्स सेमीफाइनल में गरजा शैफाली वर्मा का बल्ला, शतक जड़कर रचा इतिहास

Shafali Verma

शैफाली वर्मा

Shafali Verma: भारत और बांग्लादेश के बीच विमेंस एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की स्टार ओपनर शैफाली वर्मा का बल्ला जमकर गरजा है. इस मैच में उन्होंने महज 49 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया है. व्हाइट-बॉल इंटरनेशनल में यह शैफाली का पहला शतक है. इसी के साथ वह एशियाई गेम्स में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज़ भी बन गई हैं.

शैफाली वर्मा ने रचा इतिहास

कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में विमेंस एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में शैफाली वर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर इतिहास रच दिया है. मैच की शुरुआत से ही शैफाली ने आक्रामक रुक अपनाया और महज 49 गेंदों में शानदार शतक जड़ दिया. उनकी इस तूफानी पारी में 3 चौके और 9 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 204.08 का रहा. बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले में शतक जड़ने के साथ ही शैफाली एशियाई गेम्स में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज़ भी बन गई हैं.

यह भी पढ़ें: Asian Games 2026:एशियन गेम्स में भारत ने जीता पहला मेडल, विमेंस शूटिंग टीम के हाथ आया सिल्वर

तोड़ा स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड

सेमीफाइनल मुकाबले में शैफाली वर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी कर स्मृति मंधाना का एक खास रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. शैफाली अब विमेंस टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. उन्होंने इस मामले में अपनी साथी ओपनर स्मृति मंधाना को पीछे छोड़ दिया है. टी20 इंटरनेशनल में मंधाना के नाम 100 छक्के दर्ज हैं. वहीं, शैफाली ने इस फॉर्मैट में 104 छक्के जड़कर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

हरमनप्रीत कौर की बराबरी

वहीं, एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में 49 गेंदों में शतक जड़कर शैफाली वर्मा ने हरमनप्रीत कौर के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. विमेंस टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से हरमनप्रीत कौर और शैफाली वर्मा के नाम दर्ज है. दोनों ने 49-49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. कौर ने साल 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था. जबकि शैफाली ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेली.

Exit mobile version