Shreyas Iyer: भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी संभालना जितना बड़ा सम्मान है, उतनी ही बड़ी चुनौती भी है. टीम को जीत दिलाने के साथ-साथ कप्तान को अपने निजी प्रदर्शन से भी खुद को साबित करना पड़ता है. ऐसी ही कुछ चुनौती भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने खड़ी होती नजर आ रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज में अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. हालांकि बतौर बल्लेबाज वह कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं, जिससे उनकी कप्तानी पर संकट के बाद मंडराने लगे हैं.
क्या सूर्यकुमार यादव वाली गलती दोहरा रहे श्रेयस अय्यर?
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक ठीक ठाक रहा है. अय्यर की कप्तानी में भारत ने अब तक कुल 24 मैच खेले हैं, जिसमें 14 मैचों में उन्हें जीत और 8 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है. जबकि दो मुकाबले बेनतीजे रहे. अय्यर की कप्तानी की शुरुआत में भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती मैचों में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन बाद में टीम ने शानदार वापसी की.
हालांकि, इस दौरान अय्यर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं. ऐसा ही कुछ हाल टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव का था जिसके चलते उन्हें अपनी कप्तानी गंवानी पड़ी थी. सूर्या की कप्तानी में भारत लगातार सीरीज जीत रहा था. लेकिन, बल्लेबाज के रूप में फ्लॉप होने के चलते उनसे कप्तानी छीन ली गई और श्रेयस अय्यर को टीम का नया कप्तान नियुक्त कर दिया गया. अब अय्यर के बल्ले से भी रन नहीं निकल रहे हैं.
बल्ले से नहीं चला अय्यर का जादू
कप्तान बनने के बाद से श्रेयस अय्यर का बल्ला मानो खामोश हो गया है. अपनी कप्तानी के डेब्यू मैच में ही वह आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की सीरीज में महज 13 रन ही बना सके थे. हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ उनका बल्ला जरूर चला था. पांच मैचों की इस सीरीज में उनके बल्ले से 54.5 की औसत से 218 रन निकले थे. इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों में वह 80 रन ही बना सके थे. अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ 48 रन निकले थे. वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में उनके बल्ले से 181 रन निकले थे. लेकिन, न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका बल्ला एक बार फिर खामोश रहा. कीवी टीम के खिलाफ 4 पारियों में अय्यर के बल्ले से सिर्फ 76 रन ही निकले हैं.
25 मैचों में बनाए 666 रन
कप्तान बनने के बाद श्रेयस अय्यर ने 25 मुकाबलों में 666 रन बनाए हैं. वहीं, सूर्यकुमार यादव की बात करें, तो भारत के कप्तान के रूप में उन्होंने 52 मैचों की 49 पारियों में 1,232 रन बनाए हैं. बल्ले से लगातार फ्लॉप होने के बाद सूर्या को न सिर्फ कप्तानी से हटाया गया था बल्कि उन्हें टीम से बाहर का रास्ता भी दिखा दिया गया है. कप्तानी मिलने के बाद श्रेयस अय्यर के भी व्यक्तिगत प्रदर्शन पर असर पड़ा है. जिसके बाद माना जा रहा है कि अगर उनके बल्ले से रन नहीं निकलते हैं तो उन्हें कप्तानी से हटाया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: 300 के SR से रन, फिर भी प्लेइंग 11 से वैभव सूर्यवंशी बाहर…अब टीम मैनेजमेंट पर फूटा इस दिग्गज का गुस्सा
