T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का धमाकेदार आगाज भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो गया है. जिसमें फैंस को आए दिन एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं. श्रीलंका और भारत ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए हैं लेकिन श्रीलंका को एक बड़ा झटका लगा है. उनका एक स्टार खिलाड़ी चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया है.
हसरंगा चोट के कारण बाहर
दरअसल, आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच श्रीलंका क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार ऑलराउंडर और अनुभवी लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हसरंगा पहले मैच के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके बावजूद उन्होंने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी.
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: वाइफ-गर्लफ्रेंड के साथ नहीं रह सकेंगे खिलाड़ी, BCCI का बड़ा फैसला
पिछले मुकाबले में हुए चोटिल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीलंकाई स्टार ऑलराउंडर हसरंगा को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है. यह चोट उन्हें अपने पिछले मैच के दौरान लगी थी, जिसके बाद उनकी मेडिकल जांच कराई गई. जांच में चोट गंभीर पाई गई और मेडिकल टीम ने उन्हें आगे खेलने से रोक दिया. इसके बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक रूप से पुष्टि कर दी कि हसरंगा टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए हैं.
टीम के लिए बड़ा झटका
हसरंगा श्रीलंका क्रिकेट टीम के सबसे भरोसेमंद टी20 खिलाड़ियों में से एक रहे हैं. वो बीच के ओवरों में विकेट निकालने के लिए जाने जाते हैं और कई बार अपनी फिरकी से मैच का रुख पलट चुके हैं. इसके अलावा वह निचले क्रम में तेजी से रन बनाने की खासियत रखते हैं. ऐसे में उनके बाहर होने से टीम संतुलन पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है. टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में हसरंगा की गैरमौजूदगी से श्रीलंका की गेंदबाजी कमजोर होती नजर आ रही है.
