Suryakumar Yadav on India vs Pakistan Match: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने में अब दो दिन से भी कम समय बचा हुआ है. हालांकि पाकिस्तान की भागीदारी पर अभी भी संशय बरकरार है. इसी बीच अब इस पूरे मामले पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का बड़ा बयान सामने आया है. सूर्या ने अपने बयान में साफ किया है कि भारत के इरादे पूरे तरीके से साफ हैं और टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से माना नहीं किया है.
बायकॉट विवाद पर Suryakumar Yadav ने क्या कहा?
दरअसल, 5 फरवरी गुरुवार को मुंबई में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई. इस दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बायकॉट विवाद पर खुलकर बात की. प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान ने कहा कि पाकिस्तान को लेकर हमारा रुख साफ है, हमने उनके खिलाफ खेलने से इनकार नहीं किया है. बल्कि उन्होंने खेलने से मना किया है. हमारी फ्लाइट बुक है और हम उनके खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं. सूर्या ने आगे कहा कि हम अपना पहला मैच USA के खिलाफ खेलेंगे, जिसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए कोलंबो जाएंगे.
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 से पहले संजू सैमसन की प्लेइंग 11 से छुट्टी! वार्मअप मैच में ही मिल गया हिंट
एक ही ग्रुप में भारत-पाकिस्तान
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है, और इससे पहले ही टूर्नामेंट का रोमांच बढ़ता जा रहा है. यह टूर्नामेंट इस बार इसलिए भी खास है क्योंकि इस बार भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है. हालांकि, इस मैच पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. आपको बता दें, टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड, नामीबिया और अमेरिका की टीमों को रखा गया है.
भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा पाक
मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से निकाले जाने के बाद बांग्लादेश ने भारत में अपने मुकाबले खेलने से इनकार कर दिया था. इसके बाद आईसीसी ने एक्शन लेते हुए उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है. वहीं अब पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को लेकर बड़ा फैसला लिया है. पाक सरकार का कहना है कि उनकी टीम भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में हिस्सा नहीं लेगी. अब ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा की पाकिस्तान क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ मैदान में उतरती है या नहीं.
