T20 WC 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के हाथों 61 रन से करारी हार का सामना करने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में खलबली मच गई है. इस हार के बाद कई वरिष्ठ खिलाड़ियों पर फैंस का गुस्सा भी फूट रहा है. वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम के सीनियर खिलाड़ी बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी अगले मैच की प्लेइंग 11 से बाहर हो सकते हैं.
क्या टीम ने बाहर होंगे बाबर-अफरीदी?
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट टीम को अपना आखिरी ग्रुप लीग मैच 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ खेलना है. यह मैच सुपर-8 में पहुंचने के लिहाज से पाकिस्तान के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. ऐसे में कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आगामी मैच में मैनेजमेंट सीनियर खिलाड़ी बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी को बेंच पर बैठा सकता है. सुपर-8 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान के पास आखिरी मौका है. ऐसे में वह किसी भी तरह की गलती नहीं करना चाहेगा.
लगातार हो रहे फ्लॉप
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सीनियर खिलाड़ी बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी को लगातार इस फॉर्मैट में मौका दिया जा रहा है. लेकिन दोनों ही खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं. भारत के खिलाफ भी दोनों खिलाड़ी बुरे तरीके से फ्लॉप साबित हुए. बाबर जहां इस मैच में महज 5 रन पर चलते बने, वहीं शाहीन बेहद महंगे साबित हुए. उन्होंने अपने दो ओवर में 31 रन लुटाए. इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दोनों खिलाड़ियों की टीम से छुट्टी लगभग तय मानी जा रही है.
युवाओं को मिल सकता है मौका
नामीबिया के खिलाफ पाकिस्तान अपनी प्लेइंग 11 में बड़ा बदलाव कर सकता है और बाबर-शाहीन जैसे सीनियर खिलाड़ियों को बेंच पर बैठाकर युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक फकर जमान की टीम में वापसी हो सकती है, जबकि नसीम शाह के नाम पर भी विचार किया जा सकता है.
