T20 WC 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक ऐसा खिलाड़ी चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जो अब तक इस टूर्नामेंट में आउट नहीं हुआ है. यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट है. जिन्होंने टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म जारी रखते हुए विरोधी टीमों के सामने नई चुनौती पेश कर दी है.
इस टूर्नामेंट में एक भी बार नहीं हुए आउट
जिम्बाब्वे के युवा सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं. उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक खेली तीन पारियों में 175 रन बनाए हैं, जिसमें वह एक भी बार आउट नहीं हुए हैं. इसके अलावा वह इस वर्ल्ड कप में नॉट आउट हुए बिना 100 से ज्यादा रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. खास बात यह है कि बेनेट ने बिना कोई छक्का लगाए 175 रन बनाए हैं. कंगारू टीम के खिलाफ ग्रुप लीग मुकाबले में उन्होंने 56 गेंदों में 64 रन की नाबाद पारी खेल जिम्बाब्वे की जीत में अहम भूमिका निभाई थी.
यह भी पढ़ें: IND vs ZIM: तिलक आउट, संजू-अक्षर इन, क्या जिम्बाब्वे के खिलाफ बदल जाएगी भारत की प्लेइंग 11?
श्रीलंका-आयरलैंड के खिलाफ भी बोला बल्ला
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया के अलावा ब्रायन बेनेट का बल्ला श्रीलंका और आयरलैंड के खिलाफ भी जमकर बोला है. श्रीलंका के खिलाफ जहां उन्होंने 48 गेंदों में 63 रन की नाबाद पारी खेल अपनी टीम को एतिहासिक जीत दिलाई तो वहीं आयरलैंड के खिलाफ भी उन्होंने 48 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया.
भारत के सामने बड़ी चुनौती
जिम्बाब्वे के युवा सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट इस टूर्नामेंट में लगातार बड़ी पारियां खेल रहे हैं. अब अगर भारत को आगामी मैच में जिम्बाब्वे को हराना है तो उन्हें सबसे पहले बेनेट के अजेय अभियान को रोकना होगा. बेनेट अब तक अपनी टीम के लिए रीढ़ साबित हुए हैं. ऐसे में आने वाले मैच में वह भारत के सामने बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं.
