T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांच के बीच बीसीसीआई ने एक बार फिर अपनी सख्त नीति पर कायम रहते हुए बड़ा फैसला लिया है. बोर्ड ने साफ कर दिया है कि टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों को अपनी पत्नियों और परिवार के साथ रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी. बीसीसीआई का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट्स में खिलाड़ियों का पूरा फोकस सिर्फ और सिर्फ क्रिकेट पर होना चाहिए.
BCCI का बड़ा फैसला
दरअसल, बीसीसीआई ने पहले भी कई विदेशी दौरों और आईसीसी इवेंट्स में फैमिली स्टे को लेकर कड़े नियम लागू किए हैं. बोर्ड की इस नीति के तहत खिलाड़ी सीमित समय के लिए ही अपने परिवार को साथ रख सकते हैं. लेकिन पूरे टूर्नामेंट के दौरान परिवार के साथ रहने की इजाजत नहीं होती. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी बीसीसीआई ने इसी नीति को कायम रखा है.
खिलाड़ियों के साथ नहीं रह सकता परिवार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम मैनेजमेंट ने बीसीसीआई से खिलाड़ियों के परिवार वालों को शामिल करने को लेकर अनुमति मांगी थी, जिसे बोर्ड ने खारिज कर दिया है. बीसीसीआई के एक सूत्र के मुताबिक. टीम मैनेजमेंट ने बीसीसीआई से सवाल किया था कि क्या खिलाड़ियों की पत्नियां और उनका परिवार टीम के साथ यात्रा कर सकता है. इसपर बोर्ड ने मना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों का परिवार साथ नहीं रहेगा. हां, अगर वह चाहें तो अपनी अलग व्यवस्था कर सकते हैं.
अपनी नीतियों पर कायम BCCI
आपको बता दें कि बीसीसीआई ने पहले भी कई बाईलेट्रल सीरीज में खिलाड़ियों के परिवार को टीम के साथ रहने की अनुमति नहीं दी थी. अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप में भी अपनी उन्हीं नीतियों को कायम रखा है. पिछले साल हुए ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद बीसीसीआई ने अपनी नीतियों को लेकर लिस्ट जारी की थी.
