T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने निर्णायक दौर पर पहुंच गया है और सेमीफाइनल की तस्वीर भी साफ हो गई है. भारत, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमें बन गई हैं. फैंस के मन में अब एक ही सवाल है कि अगर बारिश के कारण सेमीफाइनल मैच रद्द होते है तो फाइनल में जाने वाली टीम का फैसला कैसे होगा? आइए जानते है क्या है आईसीसी के नियम…
कब खेला जाएगा सेमीफाइनल मुकाबला?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 4 मार्च को साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला जाएगा. वहीं, भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है. अगर बारिश या किसी अन्य कारण से सेमीफाइनल के मैच रद्द होते है तो आईसीसी ने दोनों सेमीफाइनल और फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा है.
क्या है आईसीसी के नियम
आईसीसी के नियम के मुताबिक अगर निर्धारित दिन पर बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो रिजर्व डे का नियम लागू होगा. हालांकि, अगर रिजर्व डे पर भी मैच नहीं होता है तो ऐसे में मैच का नतीजा सुपर-8 की पॉइंट टेबल के हिसाब से तय किया जाएगा. यानि जो टीम अपने ग्रुप पर टॉप पर होगी वह सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी.
साउथ अफ्रीका-इंग्लैंड की होगी भिड़त!
साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच 4 मार्च को पहला सेमीफाइनल मैच खेला जाना है. अगर यह मुकाबला और रिजर्व डे बारिश के कारण रद्द होते है तो सुपर-8 के ग्रुप-1 पर टॉप पर रही दक्षिण अफ्रीका फाइनल में पहुंच जाएगी. वहीं, भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाला दूसरा सेमीफाइनल मैच भी रद्द हो जाता है और रिजर्व डे पर भी कोई नतीजा नहीं निकलता है तो ऐसे में ग्रुप-2 की अंक तालिका में शीर्ष पर रही इंग्लैंड फाइनल में पहुंच जाएगा. जहां खिताबी मुकाबले में उसकी भिड़त साउथ अफ्रीका से होगी.
