T20 World Cup Super 8: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के मुकाबले शुरू होने जा रहे हैं. इसके लिए भारत के साथ साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमों ने क्वालिफाई किया है. सभी टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है. सुपर-8 के मैच के बाद दोनों ग्रुपों की टॉप-2 टीम यानी 4 टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी. हर टीम के लिए प्रत्येक मैच अहम रहने वाला है. यदि इस दौरान मैच बारिश में धुल जाता है तो क्या होगा?
क्या है ICC का नियम?
ग्रुप स्टेज के मुकाबले की तरह ही सुपर-8 के मैच भी श्रीलंका और भारत में खेले जाएंगे. राजधानी कोलंबो में लगातार बारिश का दौर जारी है. इसे लेकर खेल प्रेमियों के मन में बार-बार सवाल आ रहा है कि मुकाबला रद्द हो जाता है तो क्या होगा? बता दें कि सुपर-8 के लिए रिजर्व-डे की कोई व्यवस्था नहीं है, जैसी ग्रुप स्टेज में होती है. ICC के नियमों के अनुसार, टी-20 मैच में दोनों टीमों को कम से कम 5-5 ओवर्स खेलने अनिवार्य हैं. इस तरह देखा जाए तो अंपायर्स की पूरी कोशिश हर परिस्थिति में मुकाबला पूरा करवाने की होगी, ताकि नतीजे निकाले जा सकें.
बारिश की वजह से दोनों टीमों के बीच 5-5 ओवर्स का मुकाबला भी नहीं हो पाता है तो मैच रद्द कर दिया जाएगा. दोनों टीमों को 1-1 अंक दिए जाएंगे. मैच का कोई विजेता नहीं होगा. पॉइंट्स टेबल में दोनों टीमों को बराबर अंक मिलेंगे.
ये भी पढ़ें: T20 WC 2026: सुपर-8 मुकाबलों में अभिषेक शर्मा की प्लेइंग 11 से होगी छुट्टी? भारतीय कोच का आया बड़ा बयान
1 टीम को खेलने होंगे तीन मैच
टी-20 विश्व कप के सुपर-8 में हर टीम को तीन मैच खेलने के मौके मिलेंगे. इस तरह देखा जाए तो हर मुकाबला अहम हो जाता है. सुपर-8 में प्रत्येक मैच दो पॉइंट्स के लिए होता है. यही कारण है कि बारिश में मैच धुलने पर टीम को जीत का अवसर गंवाना पड़ता है, जो सेमीफाइनल की दौड़ में बड़ा झटका है. जो टीमें नेट रन रेट में आगे या पीछे हैं, उन्हें नुकसान होगा.
