Team India: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप का टीम से नाता टूट गया है. उनका टीम के साथ करीब पांच साल का कार्यकाल समाप्त हो गया है. टीम से अलग होने के बाद टी दिलीप का दर्द आखिरकार सोशल मीडिया पर छलक ही गया. लंबे समय तक टीम इंडिया का हिस्सा रहे दिलीप ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए बीसीसीआई, खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ का शुक्रिया अदा किया है.
टी दिलीप ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
टीम इंडिया से अलग होने के बाद टी दिलीप ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने फील्डिंग मेडल का जिक्र करते हुए लिखा,’ ये मेडल हमेशा उनके दिल के करीब रहेगा. ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों के चेहरे की मुस्कान, उनका उत्साह और इस अवॉर्ड को दी गई अहमियत उनके लिए सबसे खूबसूरत और यादगार यादों में से एक है.
उन्होंने बीसीसीआई के साथ पूर्व भारतीय कोच राहुल द्रविड़ और मौजूद मुख्य कोच गौतम गंभीर को उनके विश्वास के लिए धन्यवाद दिया. अंत में दिलीप ने भावुक होते हुए लिखा कि भारतीय टीम की जर्सी पहनना उनके लिए गर्व की बात रही.
यह भी पढ़ें: कौन हैं शुभदीप घोस? जो बने टीम इंडिया के नए फील्डिंग कोच, गंभीर के साथ पहले भी कर चुके हैं काम
उनके कार्यकाल में टीम का शानदार प्रदर्शन
टी दिलीप के कार्यकाल में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है और टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की. टीम इंडिया ने साल 2024 और 2026 में टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की. इसके अलावा टीम ने साल 2025 में चैंपियन ट्रॉफी का खिताब भी जीता था. वहीं, साल 2023 और 2025 में भारतीय टीम ने एशिया कप का ताज अपने नाम किया था. इन सभी यादगार मौकों पर टी दिलीप टीम के साथ बने हुए थे.
कब बने थे फील्डिंग कोच?
बता दें, साल 2021 में टी दिलीप को टीम इंडिया का फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया था. उन्होंने आर श्रीधर की जगह कार्यभार संभाला था. अब करीब पांच साल बाद टी दिलीप का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया है और उनकी जगह शुभदीप घोस को टीम का नया फील्डिंग कोच बनाया गया है.
