Vistaar NEWS

पहली ही गेंद से हावी रहे वैभव सूर्यवंशी, बुमराह-हेजलवुड और भुवी तक… फर्स्ट बॉल अटैक से नहीं बच सके दिग्गज

Vaibhav Suryavanshi

वैभव सूर्यवंशी

Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का जबरदस्त कहर देखने को मिल रहा है. मौजूदा सीजन में उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए दिग्गज गेंदबाजों को अपना शिकार बनाया है. इस सीजन उन्होंने अब तक 4 मैच खेले हैं, इन सभी मैचों में उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पहली ही गेंद पर गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला. हैरानी की बात तो यह है कि उन्होंने जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे स्टार गेंदबाजों के सामने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए तूफानी बल्लेबाजी की.

हेनरी-सिराज को भी बनाया निशाना

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में वैभव ने मेट हेनरी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया था. इसके अलावा गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने भारतीय स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की गेंद पर चौका जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए थे. हालांकि उस मैच में वैभव राशिद खान की पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे थे.

बुमराह की पहली ही गेंद पर जड़ा सिक्स

मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर हर किसी को हैरान कर दिया था. बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाज को पहली ही गेंद पर छक्का मारना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं है. बहुत ही कम बल्लेबाज उनकी गेंद पर छक्का मार पाए हैं. इसके अलावा वैभव ने इसी मैच में ट्रेंट बोल्ट का स्वागत भी छक्का मारकर किया.

यह भी पढ़ें: RR vs RCB: वैभव सूर्यवंशी की पारी देखकर किंग कोहली भी हुए खुश, तारीफ में लिखा खास मैसेज

हेजलवुड-भुवी पर भी भारी पड़े वैभव

शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ खेले गए मैच में वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और आरसीबी के स्टार गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. गुवाहाटी में खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने भुवनेश्वर कुमार की पहली ही गेंदबाज का चौका जड़ा. इसके अलावा इसी मैच में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेलवुड का स्वागत भी चौके से किया. बता दें, आरसीबी के खिलाफ इस मुकाबले में वैभव ने भुवी की 9 गेंदों में 24 रन कूटे, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे. वहीं, हेजलवुड के खिलाफ उन्होंने 4 गेंदों में 18 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल था.

Exit mobile version