Vaibhav Suryavanshi: अंडर-19 क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब डी वाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में खेलते नजर आ सकते हैं. यह टूर्नामेंट 23 फरवरी से नवी मुंबई में शुरू होने जा रहा है और इसमें 16 टीमें भाग लेंगी.
अंडर-19 वर्ल्ड कप से खींचा ध्यान
हाल ही में अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 175 रन की यादगार पारी खेली थी. इस पारी ने उन्हें रातों-रात क्रिकेट स्टार बना दिया. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और शॉट्स खेलने की क्षमता ने चयनकर्ताओं और फ्रेंचाइजी टीमों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
यह भी पढ़ें: नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया में बड़ा फेरबदल, प्लेइंग 11 में होंगे चौंकाने वाले 2 बदलाव
DY पाटिल टूर्नामेंट में आएंगे नजर!
क्रिकबज की रिपोर्ट्स के मुताबिक, टूर्नामेंट के आयोजकों और सूर्यवंशी के करीबी सूत्रों ने बताया है कि दोनों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ी हैं. अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार हुआ, तो वह इस टूर्नामेंट में खेलते नजर आ सकते हैं. इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में कई इंटरनेशनल खिलाड़ी भी हिस्सा लेते हैं.
कब शुरू हुआ DY पाटिल टूर्नामेंट?
डी वाई पाटिल टूर्नामेंट भारत के सबसे पुराने टी20 टूर्नामेंट्स में से एक है. इसकी शुरुआत 2003 में हुई थी. हर साल नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में 16 टीमें हिस्सा लेती हैं. पिछले कुछ सालों में यह मैदान भारतीय घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए अहम केंद्र बन गया है. इस मैदान में महिला वर्ल्ड कप का फाइनल भी खेला गया था. साथ ही साथ इस मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के कई प्रैक्टिस मैच भी खेले गए.
IPL 2026 की तैयारी में जुटे वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी फिलहाल आईपीएल 2026 की तैयारियों के लिए तलेंगांव में हैं, जहां वह अपनी आईपीएल फ्रेंचाजी राजस्थान रॉयल्स के कैंप के साथ प्रैक्टिस कर रहे हैं. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक यह कैंप 21 फरवरी तक चलेगा, इसके बाद वैभव पटना के लिए रवाना होंगे.
