Youngest Indian Cricketer Creates History: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और बेबी बॉस के नाम से मशहूर वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम ही उम्र में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. इसी कड़ी में उन्होंने एक और नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है. हालांकि इस बार उनकी यह उपलब्धि क्रिकेट के मैदान के बाहर आई है. दरअसल वैभव को टाइम्स मैगजीन की Time 100 Next 2026 लिस्ट में शामिल किया गया है. वैभव इस पूरी लिस्ट में जगह बनाने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति हैं.
‘Times100Next’ लिस्ट में शामिल हुए वैभव सूर्यवंशी
दरअसल दुनिया भर में भविष्य की रूपरेखा तय करने वाले उभरते सितारों को पहचान दिलाने वाली टाइम मैगजीन की Time 100 Next 2026 लिस्ट में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को शामिल किया गया है. मैगजीन ने वैभव को ‘फीनॉम’ कैटेगरी में रखा है. खेल जगत से इस लिस्ट में 6 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिसमें अमेरिकी फुटबॉल क्वार्टरबैक आर्च मैनिंग, एनबीए स्टार टाइरीस मैक्सी, महिला फुटबॉलर नाओमी गिरमा, स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन, टेनिस खिलाड़ी एलेक्जेंडा ईला और बास्केटबॉल स्टार ओलिविया माइल्स शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: आज कितने बजे होगा ODI WC 2027 के शेड्यूल का ऐलान, क्या एक ही ग्रुप में होंगे भारत-पाक?
सेमीफाइनल में बनाए 38 रन
जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट इवेंट के सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रनों से हराकर गोल्ड मेडल मैच में एंट्री कर ली है. इस मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया. सेमीफाइनल मुकाबले में वैभव ने 21 गेंदों में 38 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे.
13 साल की उम्र में रचा इतिहास
वैभव सूर्यवंशी पहली बार आईपीएल 2024 की नीलामी के दौरान सुर्खियों में आए थे. तब राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1 करोड़ 10 लाख रुपये में खरीदा था. उस समय उनकी उम्र 13 साल थी और वह आईपीएल में खरीदे जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे. इसके अगले ही साल उन्होंने आईपीएल में डेब्यू कर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. अपने डेब्यू सीजन में ही वैभव ने महज 35 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया. वह मेंस टी20 क्रिकेट में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे.
