Virat Kohli: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के लिए न्यूजीलैंड दौरा किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुआ है. जिस खिलाड़ी के बल्ले से बड़े-बड़े रिकॉर्ड निकलते हैं, उसके लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में तीन पारियों में दहाई आंकड़ा छूना भी मुश्किल हो गया. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज की तीन पारियों में कोहली का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा. सीरीज के पांचवें और आखिरी मुकाबले में कोहली महज 5 रन बनाकर आउट हो गए.
चार पारियों में बनाए 86 रन
न्यूजीलैंड के खिलाफ माउंट माउंगानुई में खेले गए पांचवें और आखिरी वनडे मैच में विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके. बे ओवल में खेले गए इस मुकाबले में कोहली महज 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे मैच में 74 रनों कि मैच जिताऊ पारी खेलने के बाद कोहली इस पूरी सीरीज में अपनी लय से भटके नजर आए. सीरीज की चार पारियों में वह महज 86 रन ही बना सके.
3 पारियों में डबल डिजिट तक पहुंचना हुआ मुश्किल
पहले वनडे मैच में अर्धशतकीय पारी खेल सीरीज का दमदार आगाज करने वाले विराट कोहली अगले तीन पारियों में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए. सीरीज की लगातार 3 पारियों में वह कीवी गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आए. इस दौरान उनका हाल इतना बेहाल रहा कि वह डबल डिजिट तक भी नहीं पहुंच सके. तीन पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 12 रन ही निकले हैं. दूसरे मैच में वह सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए थे. जबकि चौथे मैच में वह बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए थे. अब सीरीज के आखिरी मुकाबले में वह सिर्फ 5 रन ही जोड़ सके हैं. यानी कोहली लगातार 3 मैचों में दहाई आंकड़ा नहीं छू सके हैं.
दूसरी बार हुआ ऐसा
यह दूसरी बार है जब विराट कोहली अपने करियर में किसी बाइलेटरल वनडे सीरीज में तीन बार 10 से कम के स्कोर पर आउट हुए हैं. इससे पहले साल 2012-13 में पाकिस्तान के भारत दौरे पर कोहली तीन पारियों में 0,6 और 7 रन बनाकर आउट हो गए थे.
