West Indies Demand: भारत-वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाना है. इस मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इंदौर में होने वाले इस मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों की डाइट, हाइड्रेशन और रिकवरी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. गर्मी और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए खिलाड़ियों द्वारा शाकाहारी भोजन पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है. इसी बीच कैरेबियाई टीम ने इंदौर में नारियल पानी का एक्स्ट्रा स्टॉक रखने की विशेष मांग की है.
वेस्टइंडीज टीम ने मांगा एक्स्ट्रा नारियल पानी
दरअसल भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज के आगाज से पहले कैरेबियाई टीम के मैनेजर ने मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) से फोन पर एक्स्ट्रा नारियल पानी का स्टॉक रखने की मांग की है. MPCA के सीईओ रोहित पंडित के मुताबिक, आमतौर पर खिलाड़ियों के लिए नारियल पानी की व्यवस्था रहती है, लेकिन इस बार मेहमान टीम ने इसकी अतिरिक्त उपलब्धता रखने की मांग की है. MPCA की ओर से वेस्टइंडीज के लिए स्थानीय स्तर पर ताजे नारियल पानी की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है.
यह भी पढ़ें: ‘दिमाग ही नहीं है…’, जब आधी रात एयरपोर्ट पर फूटा ईशान किशन का गुस्सा
शहर में गर्मी और ड्राई हीट का असर
इंदौर में बारिश के बाद अब तापमान बढ़ रहा है. इसी के साथ शहर में गर्मी और ड्राई हीट का असर भी देखने को मिल रहा है. ऐसे में मैदान पर लगातार मौजूद रहने वाले खिलाड़ियों के लिए हाइड्रेशन बेहद अहम है. इसी के चलते टीम मैनेजमेंट चाहता है कि खिलाड़ियों की जरूरत के हिसाब से आसानी से नारियल पानी उपलब्ध हो जाए.
ड्रेसिंग रूम में लगाए जा रहे आइस टब
इंदौर में होने वाले तीसरे टी20 मैच के लिए प्रत्येक टीम के ड्रेसिंग रूम में 2-2 बाथटब लागए गए हैं. होलकर स्टेडियम के ड्रेसिंग रूम में पहले भी आइस टब की सुविधा थी, लेकिन उनकी तकनीकी दिक्कत के बाद अब नई आधुनिक मसीनो का इंतजाम किया गया है. नए आइस टब में न सिर्फ पानी ठंडा होता है बल्कि यह लगातार बदलता भी रहता है.
