Vistaar NEWS

क्या है सेपक टकरा? किंग्स कप में भारतीय टीम ने जीता ब्रॉन्ज, जानें कैसा खेला जाता है ये अनोखा खेल

Sepak Takraw

Sepak Takraw: भारत ने थाईलैंड में आयोजित किंग्स कप सेपक टकरा चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है.मेंस क्वाड्रेंट इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम सेमीफाइनल तक पहुंची, जहां उसे मेजबान थाईलैंड से तीन सेट तक चले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. हालांकि अंतिम चार में जगह बनाने के साथ ही भारत ने अपने नाम कांस्य पदक पक्का कर लिया था. अब सबके मन में एक ही सवाल है कि सेपक टकरा क्या है और इसे कैसे खेलते हैं? आइए जानते हैं…

क्या है सेपक टकरा?

सेपक टकरा दक्षिण-पूर्व एशिया का एक प्रसिद्ध खेल है. इसे वॉलीबॉल, फुटबॉल और जिम्नास्टिक्स का मिश्रण कहा जाता है. यह एक टीम गेम है, जिसमें खिलाड़ी हाथों का इस्तेमाल किए बिना अपने पैरों, घुटनों, छाती और सिर से रतन या सिंथेटिक की बनी गेंद को नेट के पार भेजते हैं. इस खेल का कोर्ट बैडमिंटन जैसा होता है, जबकि खेल का तरीका वॉलीबॉल से मिलता-जुलता है.

यह भी पढ़ें: CWG के पदक विजेताओं से मिले PM मोदी, बॉक्सर लवलीना से पूछा सवाल, खेलों के सपोर्ट में दिया खास मैसेज

सेमीफाइनल में कैसा रहा भारत का प्रदर्शन?

किंग्स कप सेपक टकरा चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में भारत की शुरुआत बेहद शानदार रही और पहले सेट का गेम उन्होंने 15-9 से अपने नाम कर लिया. इसके बाद दूसरे सेट में मेजबान थाईलैंड ने शानदार वापसी की और 15-9 से यह सेट अपने नाम कर लिया. तीसरे और आखिरी सेट में मेजबान टीम ने भारत को 9-15 से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और भारत को फाइनल की रेस से बाहर कर दिया.

एशियाई चैंपियन बना था भारत

हाल ही में भारतीय टीम ने मई में जापान के नागोया में आयोजित एशिया सेपक टकरा चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में मेजबान जापान को हराकर गोल्ड मेडल जीता था. मेंस क्वाड्रेंट के फाइनल में भारत ने जापान को 15-10, 12-15,15-12 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था.

Exit mobile version