Vistaar NEWS

कौन हैं दूसरे T20I की अंपायर किम कॉटन? जानें पुरुषों के मैच में महिला अंपायरिंग को लेकर क्या है नियम

KIM COTTON

किम कॉटन

Kim Cotton: वैसे तो इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में महिला अंपायर कई बार देखी गई हैं, लेकिन मेंस क्रिकेट में ऐसा बहुत कम ही बार देखने को मिलता है, जब आईसीसी के दो फुल मेंबर नेशंस आमने-सामने हो और किसी महिला अंपायर ने कमान संभाली हो. ऐसा ही कुछ नजारा न्यूजीलैंड और भारत के बीच जारी 5 मैचों की टी20I सीरीज के दूसरे मैच के दौरान देखा गया. इस मैच में किम कॉटन ने मैदानी अंपायर की भूमिका निभाई.

किम कॉटन को जैसे ही मैदान पर देखा गया तो सोशल मीडिया पर उनके नाम को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई. लोगों के मन में एक ही सवाल आने लगा कि क्या महिला अंपायर पुरुषों के इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में अंपायरिंग कर सकती हैं? आइए जानते हैं कौन हैं किम कॉटन और क्या हैं ICC के नियम…

कौन हैं किम कॉटन?

किम कॉटन न्यूजीलैंड की एक प्रमुख क्रिकेट अंपायर हैं. उनका जन्म 24 फरवरी 1978 को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में हुआ था. कॉटन 2022 महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2023 महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैचों में ऑन-फील्ड अंपायर की भूमिका निभा चुकी हैं. महिला क्रिकेट में कई इंटरनेशनल मुकाबलों में अंपायरिंग करने के बाद उन्होंने पुरुषों के इंटरनेशनल मैचों में भी अंपायरिंग कर इतिहास रचा.

यह भी पढ़ें: 27 रन बनाकर आउट हुए अभिषेक शर्मा, फिर भी रच दिया इतिहास, T20I में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

2023 में पहली बार पुरुषों के मैच में की अंपायरिंग

अप्रैल 2023 में किम कॉटन ने पहली बार न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में मैदानी अंपायर की भूमिका निभाई थी. इसी के साथ वह आईसीसी के दो फुल मेम्बर देशों (न्यूजीलैंड और श्रीलंका) के बीच पुरुषों के इंटरनेशनल टी20 मैच में मैदानी अंपायर की भूमिका निभाने वाली पहली महिला अंपायर बनी.

क्या हैं ICC के नियम?

आईसीसी के नियमों के मुताबिक महिला अंपायर पुरुषों के इंटरनेशनल मैचों में अंपायरिंग कर सकती हैं. किम कॉटन के अलावा क्लेयर पोलोसक भी मेंस इंटरनेशनल मैचों में अंपायरिंग कर चुकी हैं. क्लेयर पुरुषों के वनडे मैच में अंपायरिंग करने वाली पहली महिला बनी. उन्होंने साल 2019 में नामीबिया और ओमान के बीच खेले गए मैच में अंपायरिंग की थी.

Exit mobile version