Vistaar NEWS

कौन हैं शुभम दुबे? पंजाब के खिलाफ 12 गेंदों में 31 रन बनाकर राजस्थान को जिताई हारी हुई बाजी

Shubham Dubey

शुभम दुबे

Shubham Dubey: आईपीएल 2026 में हर दिन एक नया सितारा उभरकर सामने आ रहा है, और इस बार सुर्खियों में हैं राजस्थान रॉयल्स के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज शुभम दुबे. मंगलवार को पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले में शुभम ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से मैच रुख पलट दिया, जिसके बाद उन्हें लेकर चर्चा तेज हो गई है.

कौन हैं शुभम दुबे?

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे शुभम दुबे का जन्म 27 अगस्त, 1994 में महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में हुआ था. वह एक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं और टी20 क्रिकेट में वह एक फिनिशर की भूमिका निभाते हैं. घरेलू क्रिकेट में वह विदर्भ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं.\

यह भी पढ़ें: क्या वैभव सूर्यवंशी के बैट में लगी AI चिप? सलामी बल्लेबाज ने खुद दिया जवाब-VIDEO

राजस्थान को जिताई हारी हुई बाजी

मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 31 वर्षीय शुभम दुबे राजस्थान की ओर से नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने आए. दुबे जब बल्लेबाजी करने उतरे तब राजस्थान को 36 गेंदों में 72 रन चाहिए थे और राजस्थान ने रवींद्र जडेजा से पहले उन पर भरोसा जताया और उन्होंने टीम के फैसले को सही साबित किया. दुबे ने इस मैच में 12 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 31 रन की नाबाद पारी खेली. इसके अलावा उन्होंने डोनोवन फेरेरा के साथ मिलकर 32 गेंदो में 77 रन की साझेदारी की और राजस्थान की जीत में अहम भूमिका निभाई.

आईपीएल में कैसे मिला मौका?

31 वर्षीय शुभम दुबे ने सबसे पहले विदर्भ के बापूना कप में अपने शानदार प्रदर्शन से पहचान बनाई थी. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023-24 के सीजन में उन्होंने 187.28 के स्ट्राइक रेट से 221 रन बनाए, जिससे वह एक बड़ा नाम बनकर उभरे. इसी प्रदर्शन के चलते उन्हें आईपीएल में मौका मिला. आईपीएल 2024 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 5.8 करोड़ रुपये में खरीदा था.

हालांकि उस सीजन वह कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे और 4 मैचों में सिर्फ 33 रन ही बना सके थे. इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया था और फिर आईपीएल 2025 के लिए दोबारा खरीदा. इस बार फ्रेंचाईजी ने उन्हें 80 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. पिछले सीजन दुबे ने 6 मैचों में 160.60 की स्ट्राइक रेट से 106 रन बनाए. उनके इस प्रदर्शन ने फ्रेंचाइजी का भरोसा उन पर बनाए रखा.

कुछ ऐसा रहा क्रिकेट करियर

शुभम दुबे के क्रिकेट करियर की बात करें, तो उन्होंने अब तक खेले 3 फर्स्ट क्लास मैचों में 75 रन बनाए हैं. इसके अलावा लिस्ट ए की 12 पारियों में उन्होंने 254 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 1 अर्धशतक भी निकला है. 41 टी20 मैचों में उन्होंने 808 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं. इसके अलावा आईपीएल में उन्होंने अब तक 15 मैच खेले हैं, जिसकी 13 पारियों में उन्होंने 189 रन बनाए हैं.

Exit mobile version