Vistaar NEWS

कौन हैं तन्मय बलोदा? जिसने एक ही मैच में झटके 14 विकेट

Tanmay Baloda

तन्मय बलोदा

Tanmay Baloda 14 Wickets: भारतीय अंडर 19 मेंस क्रिकेट टीम ने यूथ टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का 2-0 से सूपड़ा साफ कर दिया है. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए दूसरे यूथ टेस्ट को ढाई दिन के अंदर ही भारत ने 10 विकेट से जीत लिया है. टीम इंडिया की इस जीत के हीरो तन्मय बलोदा रहे जिन्होंने मैच में कुल 14 विकेट झटके. किसी यूथ टेस्ट में यह सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग रिकॉर्ड है. पहली पारी में तन्मय ने 6 और दूसरे में 8 विकेट लिए. इस दौरान उन्होंने मैच में 73 रन खर्च किए.

कौन हैं तन्मय बलोदा?

18 साल के तन्मय बलोदा हरियाणा से आते हैं. रोहतक में जन्मे इस क्रिकेटर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट सीरीज के लिए रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में शामिल किया गया था. वह बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिनर और दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. हाल ही में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ यूथ टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन कर एक ही मैच में कुल 14 विकेट लेकर इतिहास रच दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक तन्मय पहले तेज गेंदबाज थे, बाद में वे स्पिनर बन गए. वह 8 साल से क्रिकेट खेल रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 4 मैच, सिर्फ 29 रन…संजू सैमसन का फ्लॉप शो, प्लेइंग 11 में वैभव सूर्यवंशी की होगी वापसी?

रणजी में हरियाणा की ओर से खेलते हैं तन्मय

10वीं क्लास पास करने के बाद जब तन्मय के माता-पिता उनके करियर को लेकर असमंजस में थे तब उन्होंने पढ़ाई छोड़ क्रिकेट को चुना. उनके पेरेंट्स ने भी इसमें उनकी मदद की. हालांकि एज लेवल क्रिकेट में सफलता मिलने में तन्मय को समय लगा. इसके अलावा वह सीनियर लेवल पर हरियाणा की ओर से रणजी डेब्यू कर चुके हैं. रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में उन्होंने दो मैच खेले थे. असम के खिलाफ डेब्यू मैच में उन्होंने 5 विकेट लिए थे. फिर बंगाल के खिलाफ दूसरे मैच में भी उन्होंने 5 विकेट झटके. रणजी ट्रॉफी के आगामी सीजन के लिए तन्मय हरियाणा की टीम का हिस्सा हैं.

तन्मय बलोदा ने बरपाया कहर

दूसरे यूथ टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम पहली पारी में सिर्फ 174 रनों पर ही ढेर हो गई. पहली पारी में तन्मय बलोदा ने घातक गेंदबाजी की और 25 ओवर में 32 रन देकर 6 विकेट झटके. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मिडिल और लोअर ऑर्डर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. जवाब में भारत ने पहली पारी में 315 रन बनाकर 141 रनों की बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद दूसरी पारी में बलोदा ने 8 विकेट लेकर कंगारू टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. नतीजा ये रहा कि ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम दूसरी पारी में 151 रनों पर ही सिमट गई. इसके बाद भारत ने 11 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर मुकाबले को 10 विकेट से अपने नाम कर लिया.

Exit mobile version