Hardik Pandya: आईपीएल 2027 से पहले भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर और मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या के ट्रेड को लेकर लगातार चर्चाएं तेज हैं. उनके भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. पहले कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि पंड्या मुंबई इंडियंस का साथ छोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो सकते हैं. लेकिन अब सामने आई एक नई रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि हार्दिक आगामी आईपीएल सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स का दामन थाम सकते हैं, जहां उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंपी जा सकती है.
कप्तान की तलाश में KKR
आईपीएल के पिछले दो सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करने वाले अजिंक्य रहाणे ने हाल ही में क्रिकेट के सभी फॉर्मैट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. रहाणे के रिटायरमेंट के बाद केकेआर को नए कप्तान की तलाश है. ऐसे में माना जा रहा है फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियन के कप्तान हार्दिक पंड्या पर दांव लगा सकती है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि केकेआर मैनेजमेंट ट्रेड विंडो के जरिए पंड्या को अपनी टीम में शामिल कर सकती है.
KKR में शामिल हो सकते हैं हार्दिक पंड्या
रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक पंड्या का कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है. पंड्या के लिए केकेआर और एमआई के बीच ऑल कैश डील होने की बात सामने आई है. हालांकि इससे पहले ऐसी खबरें आई थी कि हार्दिक पंड्या चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो सकते हैं. सीएसके उनके बदले 2 खिलाड़ी और 10 करोड़ रुपये नकद मुंबई इंडियंस को देने के लिए तैयार है. लेकिन अब केकेआर के साथ उनके ट्रेड की खबरें ज्यादा जोर पकड़ रही हैं.
IPL 2024 में बने थे मुंबई इंडियंस के कप्तान
टीम इंडिया के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 में अपना कप्तान नियुक्त किया था. पंड्या को रोहित शर्मा की जगह टीम की कमान सौंपी गई थी. लेकिन उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. ऐसे में मुंबई इंडियंस अब उनसे आगे बढ़ना चाहती है.
