Vistaar NEWS

CG News: जनसमस्‍या शिविर में लाेगों से अभद्र व्‍यवहार करने पर जनपद CEO सस्‍पेंड, प्रशासन ने जारी किया था कारण बताओ नोटिस

CEO Suspended

सीईओ को किया सस्‍पेंड

CG News: दुर्ग जिले में जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान हुए विवाद ने अब प्रशासनिक और राजनीतिक रूप ले लिया है. जनपद पंचायत दुर्ग के सीईओ रूपेश कुमार पाण्डेय को आम नागरिकों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

दरअसल शुक्रवार को कार्रवाई ग्राम थनौद में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान भाजपा नेता पुराण देशमुख और सीईओ रूपेश कुमार पांडे के बीच हुई तीखी बहस के वायरल वीडियो के बाद की गई. जिला प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में प्रथम दृष्टया अधिकारी का व्यवहार अनुचित पाया गया, जिसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था.

निलंबन के बाद सीईओ ने लगाए आरोप

जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संभाग आयुक्त कार्यालय ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया. साथ ही जनपद पंचायत दुर्ग के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार महेंद्र कुमार जांगड़े को सौंपा गया है. निलंबन के बाद रूपेश कुमार पाण्डेय ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि विवादित व्यक्ति पुराण देशमुख भाजपा के पदाधिकारी हैं और उनकी पत्नी के खिलाफ 2.40 लाख रुपये की सरकारी राशि वसूली का मामला लंबित है. वहीं स्वयं पुराण देशमुख पर भी 75 हजार रुपये की बकाया राशि का मामला है.

55 सेकंड के वीडियो काे काट कर चलाया

पाण्डेय का आरोप है कि इन मामलों को समाप्त कराने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था. उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो केवल 7 सेकंड का है, जबकि वास्तविक वीडियो 55 सेकंड का है, जिसमें पहले उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया. पाण्डेय ने इसे पूर्व नियोजित साजिश बताते हुए कहा कि वह इस निलंबन आदेश के खिलाफ मुख्य सचिव और आवश्यकता पड़ने पर उच्च न्यायालय में अपील करेंगे.

सीईओ के निलंबित होने पर गरमाई राजनीति

वहीं भाजपा महामंत्री पुराण देशमुख ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों को दबाने का प्रयास किया गया. उनका कहना है कि सामुदायिक भवन निर्माण से जुड़े मामले में उन्हें न्याय नहीं मिला और सुशासन तिहार में शिकायत करने पर सीईओ ने उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की. अब यह मामला प्रशासनिक कार्रवाई से आगे बढ़कर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन गया है.

ये भी पढे़ं- CG News: सुशासन तिहार के नाम कांग्रेस का आयोजन, कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला और विधायक धरमलाल कौशिक के बीच तीखी बहस

Exit mobile version