Owaisi Chandra Shekhar Third Front: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है. एक ओर भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस एकजुट हो रही हैं, तो इधर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर एक साथ आने की तैयारी में हैं. दोनों के बीच गठबंधन को लेकर चर्चाएं चल रही हैं. संभावना है कि जल्द ही गठबंधन का ऐलान भी हो सकता है.
जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन किया जाएगा. दोनों दलों के बीच कई बार गठबंधन को लेकर बातचीत हो चुकी है. लेकिन अभी तक फाइनल नहीं हुई है. अब विधानसभा चुनाव भी नजदीक है. ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही दोनों दलों के बीच गठबंधन पर सहमति बन जाएगी.
तीसरा विकल्प बनने की तैयारी
AIMIM और आजाद समाज पार्टी प्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में खड़ा करने के प्रयास में हैं. चर्चा ये भी है कि कुछ और दलों को साथ में शामिल किया जा सकता है. AIMIM के प्रवक्ता शादाब चौहान ने बताया कि भाजपा को हराने के लिए सभी लोग मिलकर चुनाव लडे़ंगे. इसके साथ ही उन्होंने सभी दलों से अपील भी की है कि जिस भी दल को साथ आना हो, आ सकते हैं. क्योंकि यहां समान विचारधारा वालों के लिए रास्ते खुले हैं.
ये भी पढ़ेंः ‘पिता मुलायम से सीखें…’, अखिलेश पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने फिर बोला हमला, पूजा-पाठ पर क्या कहा?
AIMIM ज्यादा से ज्यादा सीटो पर लड़ सकती है चुनाव
विधानसभा चुनाव को लेकर जानकारी ये भी आ रही है कि AIMIM प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. AIMIM की नजर तो मुस्लिम वोटबैंक पर पहले से ही है, लेकिन अब वह चंद्रशेखर आजाद की मदद से दलित वोटरों को भी साधने के प्रयास में है. अब देखना यह होगा कि यूपी चुनाव में ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन का कितना फायदा होता है.
