Akhilesh Yadav Political Statement: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रधानमंत्री पद को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. सपा नेताओं और समर्थकों की ओर से कई बार अखिलेश यादव को भविष्य के प्रधानमंत्री के तौर पर पेश किया जाता रहा है. लेकिन, जब खुद अखिलेश से पूछा गया कि वह प्रधानमंत्री कब बनेंगे, तो उन्होंने ऐसा जवाब दिया, जिससे फिलहाल तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आई.
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने अखिलेश यादव से सीधे सवाल किया कि वह प्रधानमंत्री कब बनेंगे? इस पर अखिलेश ने कहा, “यूपी तक रखो हमें, आगे मत जाने दो.
अखिलेश के इस जवाब को इस संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि फिलहाल उनका फोकस उत्तर प्रदेश की राजनीति पर ही है. साथ ही, उनके जवाब में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के लिए अप्रत्यक्ष समर्थन का संकेत भी माना जा रहा है.
PDA पर अत्याचार हुआ तो हर दौर आपातकाल
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस समय पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के साथ अन्याय होगा, वह दौर उनके लिए आपातकाल जैसा होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और कामकाज पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी लोकतंत्र के लिए संघर्ष करती रही है. आगे भी करती रहेगी. BJP पर चुनावी प्रबंधन के जरिए सब कुछ नियंत्रित करने का आरोप लगाया. अखिलेश ने दावा किया कि तमाम कोशिशों के बावजूद भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा.
पुलिस और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल
शाहजहांपुर में हुई हत्या की घटना पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उन्हें घटना के पीछे की पूरी वजह की जानकारी नहीं है, लेकिन घटना की सूचना मिली है. इसी दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए.अखिलेश ने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से काम करने के बजाय भाजपा कार्यकर्ता की तरह व्यवहार कर रही है.
ये भी पढ़ें:BJP में सेंध लगाने की तैयारी? अखिलेश बोले- कई विधायक संपर्क में, लेकिन सपा में लाएं कैसे?
