Purvanchal Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में सैनिक की डेडबॉडी ले जा रही एंबुलेंस ट्रक में घुस गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. यह हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 79 के पास हुआ. फिलहाल, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ में तैनात सेना के सूबेदार सत्यवान फौजी, जो देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. उनकी मौत चंडीगढ़ में हो गई थी. सूचना पाकर गांव से उनके बेटे और परिवार के कुछ सदस्य चंडीगढ़ पहुंचे और सत्यवान फौजी का शव लेकर देवरिया के लिए रवाना हो गए. इसी बीच अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 79 माइल स्टोन के पास हादसा हो गया.
बेटे समेत 4 की मौत
हादसा इतना भयावह था कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए जिसमें सुबेदार सत्यवान के बेटे, भाई, भतीजा और एंबुलेंस चालक की मौत हो गई. मृतकों की पहचान एम्बुलेंस सवार ड्राइवर जसपाल, राजन सिंह पुत्र भूपति, गौरव सिंह पुत्र सत्यभान और राम समझ पुत्र जयसिंह के रूप में हुई है. हादसे की जानकारी जब घर पर लगी तो परिवार में कोहराम मच गया.
ये भी पढ़ेंः इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने से क्यों नाराज है SP? कितना होगा सीट शेयरिंग पर असर
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल, पुलिस ने शहीद के पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ थाने में रखवाया है. वहीं सभी मृतकों के शव को सुपुर्द कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस हादसे की जांच करने में जुट गई है. परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था, लेकिन अब एक साथ 4 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया.
